ग्वालियर में श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, कई घायल, 12 की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर हुआ।
- धान से लदा ट्रक पुलिस बैरिकेड तोड़कर ढलान पर बेकाबू हो गया।
- एसएसपी के मुताबिक, हादसे में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के नजदीक शनिवार देर रात एक बेकाबू ट्रक ने श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 लोग घायल बताए गए हैं। दुर्घटना रात करीब 1:30 बजे छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर हुई।
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, नवरात्रि के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर की ओर जा रहे थे। छिनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर तेज ढलान है और यहां भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध है।
उन्होंने बताया कि धान से भरा एक ट्रक पुलिस बैरिकेड तोड़कर अचानक अनियंत्रित हो गया। ढलान से नीचे आते हुए ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। हादसे में मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
एसएसपी ने बताया कि अब तक 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें से 12 की जान जा चुकी है। करीब 5 से 6 मरीज गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें फ्रैक्चर हुआ है। अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों को घटनास्थल पर रवाना किया गया। उन्होंने भी हादसे में 12 लोगों की मौत और 5 से 6 मरीजों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की। उनके मुताबिक, करीब 29 लोगों को अलग-अलग तरह की चोटें आई हैं।
कलेक्टर ने बताया कि नवरात्रि के दौरान संबंधित सड़क पर स्टॉपर लगाए गए थे और पुलिस चेक-पॉइंट भी बनाया गया था। इसके बावजूद ट्रक वहां तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। ट्रक की तकनीकी जांच के लिए आरटीओ की टीम को भी भेजा गया है।
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। उसने बताया कि कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि ट्रक में क्षमता से अधिक सामान भरा हुआ था और वह अचानक आकर कुछ दुकानों तथा लोगों को कुचलता चला गया। उसके भाई को भी चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, घटनास्थल पर अब भी अफरातफरी का माहौल है। हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.