वाल्मीकि जयंती पर मुजफ्फरनगर में धूमधाम से निकाली गई शोभायात्रा

मुजफ्फरनगर। आश्विन मास की पूर्णिमा तिथि पर शहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान वाल्मीकि जयंती मनाई गई। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा टाउन हाल से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अलमासपुर स्थित वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला और सपा नेता राकेश शर्मा ने पूजा-अर्चना कर किया। शोभायात्रा में सजे हुए रथों, बैंड, डीजे और धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मुख्य रथ पर भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसके दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।
शहर के विभिन्न चौराहों और मार्गों पर शोभायात्रा का स्वागत पुष्प वर्षा और प्रसाद वितरण के साथ किया गया। नगरवासियों ने जगह-जगह पानी और फलाहार की व्यवस्था कर भक्ति भाव का परिचय दिया। धार्मिक झांकियों में भगवान वाल्मीकि के जीवन और शिक्षाओं को दर्शाया गया, वहीं बैंड और डीजे की धुनों पर भक्तों ने नृत्य कर उत्सव का माहौल बना दिया।
आबकारी रोड स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, विजय शुक्ला, कपिल त्यागी, सचिन, सागर और सनी समेत कई श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान वाल्मीकि के चरणों में पुष्प अर्पित कर समाज में ज्ञान, समानता और सद्भाव का संदेश देने का संकल्प लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.