पानीपत की कास्मिक रग्स फैक्ट्री में भीषण आग, दो महंगी मशीनें जलकर खाक

HIGHLIGHTS
- दमकल की टीम सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद मौके पर पहुंची।
- कर्मचारियों ने शुरुआत में फायर सिलेंडरों से आग बुझाने की कोशिश की।
- आग में कपड़े की प्रिंटिंग और सुखाने वाली मशीनें जल गईं।
पानीपत। शहर के सेक्टर-29 पार्ट-1 स्थित कास्मिक रग्स फैक्ट्री में रविवार सुबह करीब सात बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने फायर सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। स्थिति बिगड़ने पर कर्मचारियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम करीब 15 मिनट में मौके पर पहुंच गई।
दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
फैक्ट्री निदेशक अनुज गुलानी ने बताया कि आग की चपेट में आने से दो मशीनें जल गईं। इनमें एक मशीन का इस्तेमाल कपड़े की प्रिंटिंग और दूसरी का कपड़े सुखाने के लिए किया जाता था। दोनों मशीनें काफी महंगी हैं। आग के कारण मशीनों के अलावा फैक्ट्री के अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के हिस्सों में आग फैलने से बच गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.