‘स्पिरिट’ विवाद फिर गरमाया, 10% मुनाफे की हिस्सेदारी के दावे पर दीपिका ने पोस्ट को किया लाइक

HIGHLIGHTS
- दीपिका के फिल्म से अलग होने को एक साल से ज्यादा समय बीत चुका है
- प्रणय वांगा ने 10 प्रतिशत मुनाफे की हिस्सेदारी का दावा किया
- सोशल मीडिया यूजर ने महिला और पुरुष कलाकारों के लिए अलग मानदंड पर सवाल उठाया
बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'स्पिरिट' से बाहर हुए एक साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन इससे जुड़ा विवाद अब भी जारी है। उस समय दीपिका के फिल्म से अलग होने और इससे जुड़ी खबरों ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
अब यह मामला फिर चर्चा में है। निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय वांगा ने दावा किया कि दीपिका के फिल्म से बाहर होने की वजह उनकी 10 प्रतिशत मुनाफे की हिस्सेदारी की मांग को स्वीकार नहीं करना था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रणय वांगा के बयान पर सवाल उठाए गए, जिसे दीपिका ने समर्थन दिया है।
यूजर ने क्या सवाल उठाया?
शुक्रवार को एक यूजर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए लंबा नोट साझा किया। इसमें प्रणय वांगा के हालिया बयान का जिक्र करते हुए लिखा गया, 'संदीप रेड्डी वांगा के भाई प्रणय का दावा है कि दीपिका पादुकोण ने 'स्पिरिट' के मुनाफे में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगी थी। मैं बस सोच रही हूं, क्या हम भूल गए हैं कि पुरुष अभिनेता वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं? जब कोई महिला ऐसा करती है, तो यह खबर क्यों बन जाती है?'
पोस्ट में इस दोहरे मापदंड पर भी सवाल उठाया गया। इसमें आगे लिखा गया, 'एक महिला ने डील ठुकरा दी, और महिला-विरोधी सोच एक महिला के 'ना' को बर्दाश्त नहीं कर पाई।'
दीपिका ने दी प्रतिक्रिया
दीपिका पादुकोण ने इस पोस्ट को लाइक करके अपना समर्थन जाहिर किया। शनिवार सुबह तक 12 घंटे में पोस्ट को 8 हजार से अधिक लाइक्स और करीब 2 हजार रीपोस्ट और शेयर मिल चुके थे। इससे दीपिका के कई फैंस के समर्थन का भी पता चला।
प्रणय ने दीपिका पर क्या आरोप लगाए?
- प्रणय के मुताबिक, संदीप करीब डेढ़ साल से दीपिका पादुकोण के संपर्क में थे और उन्हें फिल्म में कास्ट करना चाहते थे।
- बॉक्स ऑफिस पर अभिनेत्री की सफलता के चलते वह कई शर्तों पर बातचीत करने की स्थिति में थीं।
- उन्होंने फिल्म के मुनाफे में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की।
- इसके बाद बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई।
- प्रणय के अनुसार, वह कुछ भी मांग सकती हैं और अगर वे देने के लिए तैयार हों तो दे सकते हैं।
- हालांकि, उनके मुताबिक फिल्म के बजट का हिसाब-किताब भी सही बैठना जरूरी था।
- उन्हें लगा कि यह संभव नहीं हो पा रहा है, इसलिए उन्होंने दूसरे विकल्पों पर विचार किया।
क्या है 'स्पिरिट' का विवाद?
दीपिका के फिल्म से बाहर होने को लेकर ऑनलाइन काफी विवाद हुआ था। इसकी वजह अभिनेत्री की आठ घंटे के काम के शेड्यूल की मांग भी बताई गई थी। पिछले साल इस मुद्दे पर बात करते हुए अभिनेत्री ने सवाल उठाया था कि जब पुरुष सुपरस्टार उतने ही घंटे काम कर सकते हैं और अपने शेड्यूल को केवल कामकाजी दिनों यानी वीकडेज तक सीमित रख सकते हैं, तो महिला कलाकार ऐसी मांग क्यों नहीं कर सकतीं।






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.