मुजफ्फरनगर में ट्रांसफार्मर में लगी आग, पुरानी तहसील क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप

मुजफ्फरनगर में शुक्रवार शाम तेज गर्मी और बढ़े हुए बिजली भार के बीच एक ट्रांसफार्मर में आग लगने से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शहर कोतवाली के समीप स्थित पुरानी तहसील परिसर में लगे ट्रांसफार्मर से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद उसमें आग भड़क उठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब 4:45 बजे ट्रांसफार्मर से चिंगारियां और धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। घटना बाजार क्षेत्र में होने के कारण आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। एहतियातन पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की नौबत नहीं आई।
हालांकि आग लगने से ट्रांसफार्मर से जुड़े कई केबल और विद्युत उपकरण प्रभावित हुए, जिससे आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शटडाउन के चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिजली विभाग के कर्मचारी क्षति का आकलन करने और आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने में जुटे हैं। शुरुआती जांच में ट्रांसफार्मर में आग लगने का कारण अत्यधिक विद्युत लोड माना जा रहा है, हालांकि विभागीय स्तर पर मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.