मुजफ्फरनगर में पहुंची मैक्लॉरेन स्पोर्ट्स कार वाली सबसे ज्यादा वायरल कांवड़, देखने उमड़ी भीड़

HIGHLIGHTS
- दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सिसौना कट के पास अनोखी कांवड़ देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी।
- शिवभक्तों ने मैक्लॉरेन स्पोर्ट्स कार की डमी प्रतिकृति को कांवड़ के रूप में तैयार किया।
- 6 शिवभक्तों के ग्रुप ने 7-8 लाख रुपये खर्च कर इस खास कांवड़ को तैयार कराया।
कांवड़ यात्रा-2026 में इस बार कई आकर्षक और अनोखी कांवड़ें देखने को मिल रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार दोपहर करीब एक बजे मुजफ्फरनगर पहुंची मैक्लॉरेन स्पोर्ट्स कार थीम वाली कांवड़ ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सोशल मीडिया पर पहले से चर्चा में रही यह खास कांवड़ जब दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के कांवड़ मार्ग पर सिसौना कट के पास पहुंची तो इसे देखने और वीडियो बनाने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
यह कांवड़ हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर दिल्ली के फलौदा क्षेत्र की ओर जा रही है। बाहर से देखने पर यह कांवड़ लग्जरी सुपरकार जैसी नजर आती है। इसे देखकर राहगीर रुक गए और कई लोगों ने शिवभक्तों के साथ सेल्फी ली, जबकि कुछ ने इसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए।
कांवड़ लेकर चल रहे शिवभक्त दीपक शर्मा ने बताया कि दोस्तों के साथ चर्चा के दौरान विचार आया कि इस बार भगवान भोलेनाथ के लिए कुछ अलग और यादगार किया जाए। इसके बाद मैक्लॉरेन स्पोर्ट्स कार की तर्ज पर कांवड़ तैयार कराने का फैसला लिया गया।
कांवड़ को मिल रहा लोगों का प्यार
दीपक शर्मा ने बताया कि यह असली कार नहीं है, बल्कि करीब 5.5 करोड़ रुपये कीमत वाली मैक्लॉरेन स्पोर्ट्स कार की डमी प्रतिकृति है। इस मॉडल को तैयार करने में लगभग 7 से 8 लाख रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ के डिजाइन और फिनिशिंग पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि यह बिल्कुल असली सुपरकार जैसी दिखाई दे।
उन्होंने बताया कि उनके ग्रुप में कुल 6 शिवभक्त शामिल हैं और सभी अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। दीपक शर्मा खुद ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इस कांवड़ को देशभर से इतना प्यार मिलेगा, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग इसे देखने के लिए उत्साहित हैं।
दीपक शर्मा ने इसे बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि लोगों का स्नेह उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि अब उनका प्रयास रहेगा कि अगले साल इससे भी ज्यादा भव्य, आकर्षक और अनोखी कांवड़ तैयार कर शिवभक्ति का संदेश दिया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.