बालोतरा: सऊदी अरब में काम कर रहे युवक रमेश मेघवाल का पार्थिव शरीर भारत पहुंचा

बालोतरा जिले के सोहड़ा (गिड़ा) निवासी रमेश कुमार मेघवाल, जिनकी सऊदी अरब में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, का शव परिवार के हवाले कर दिया गया है। रमेश 11 अक्टूबर 2025 को अपने साथियों हीराराम मेघवाल और रोशन अली के साथ रोजगार हेतु दोहा (क़तर) गए थे। दुर्भाग्यवश 17 नवंबर 2025 को उनकी मृत्यु हो गई थी।
संसदीय क्षेत्र के सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने बताया कि लंबी कानूनी प्रक्रियाओं, स्थानीय पुलिस कार्रवाई और मेडिकल पोस्टमार्टम की औपचारिकताओं के कारण शव को भारत लाने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय से तत्काल संपर्क कर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।
बेनीवाल ने 5 दिसंबर 2025 को केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर भारत सरकार के खर्चे पर शव की भारत वापसी, कानूनी जांच और परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इसके बाद भारत सरकार और भारतीय दूतावास द्वारा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।
बेनीवाल ने बताया कि बुधवार देर रात रमेश का शव दम्माम एयरपोर्ट से रात 12:05 बजे रवाना होकर आज सुबह 06:45 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा। इसके बाद दोपहर 12:35 बजे दिल्ली से जयपुर के लिए रवाना किया गया, जहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। सोहड़ा गाँव तक शव पहुँचाने के लिए सड़क मार्ग पर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
सांसद बेनीवाल ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें धैर्य बनाए रखने की प्रार्थना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.