पंजाब बंद का व्यापक असर, कई जगह सड़कें जाम; झोटा हत्याकांड में मानसा की SHO निलंबित

HIGHLIGHTS
- पंजाब बंद के दौरान कई जिलों में स्कूल बंद रहे और बस सेवाएं प्रभावित हुईं।
- किसान नेताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और कई स्थानों पर सड़कें जाम कीं।
- अजनाला में अकाली दल वारिस पंजाब के कार्यकर्ताओं ने बाजारों में मार्च निकाला।
चंडीगढ़। मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में आज पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। राज्य के कई जिलों में स्कूल बंद हैं और बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। जिन इलाकों में बसें चल रही हैं, वहां प्रदर्शनकारी पहुंचकर उन्हें रोक रहे हैं।
प्रदर्शन में किसान नेताओं ने भी हिस्सा लिया है। कई जगहों पर सड़कें जाम कर दी गई हैं। वहीं, पंजाब पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
पंजाब बंद के दौरान अजनाला के बाजारों में अकाली दल वारिस पंजाब के कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने बाजारों में घूमकर बंद के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वहीं, अमृतसर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया।
अमृतसर में दुकानें और बाजार बंद
किसान-मजदूर संगठनों की ओर से बुलाए गए पंजाब बंद का असर अमृतसर जिले के कई इलाकों में देखने को मिला। छेहरटा, खंडवाला, इंडिया गेट, नारायणगढ़, जंडियाला गुरु, रईया, ब्यास और अजनाला में बंद का प्रभाव रहा।
कई जगहों पर किसान संगठनों के सदस्यों ने दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद रखने की अपील की। वहीं, छेहरटा चौक पर नशा तस्करों के खिलाफ रोष धरना दिया गया। इस दौरान संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया गया।
वकीलों ने कामकाज बंद रखने का फैसला लिया
पंजाब बंद को पटियाला जिला बार एसोसिएशन ने भी समर्थन दिया है। एसोसिएशन ने प्रस्ताव पारित कर अदालतों में कामकाज बंद रखने का निर्णय लिया।
इसके तहत गुरुवार शाम 5 बजे तक नो वर्क डे रखा गया है। वकीलों ने पंजाब में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के साथ ही झोटा हत्याकांड में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मानसा की एसएचओ निलंबित
परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे ने कई बार शिकायतें दर्ज कराई थीं और ड्रग तस्करों के बारे में जानकारी भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
झोटा हत्याकांड के मामले में डीआईजी हरजीत सिंह ने भी कहा था कि लापरवाही के दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि सिटी पुलिस स्टेशन-2 की इंचार्ज बेअंत कौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्हें पुलिस लाइंस में रिपोर्ट करने का आदेश भी दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.