पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने बनाई जननीति भारत पार्टी, मीरजापुर सदर से लड़ेंगी चुनाव

HIGHLIGHTS
- दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर 8 मिनट 29 सेकंड का वीडियो जारी कर पार्टी के उद्देश्यों की जानकारी दी।
- उन्होंने 30 अगस्त 2026 को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने का ऐलान किया था।
- दिव्या मित्तल उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी रह चुकी हैं।
मीरजापुर। पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को दोपहर एक बजे अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत पार्टी’ के गठन का ऐलान कर दिया। प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा है। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी और उसके उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने मीरजापुर सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा भी की।
मीरजापुर और देवरिया जैसे जिलों में जिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभा चुकीं दिव्या मित्तल के इस फैसले से जिले की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। अब तक प्रशासनिक अधिकारी के रूप में पहचान रखने वाली दिव्या मित्तल ने राजनीतिक मैदान में उतरने का निर्णय लिया है।
उत्तर प्रदेश कैडर की वर्ष 2013 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल मीरजापुर में भी सेवाएं दे चुकी हैं। नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने 15 अक्टूबर की दोपहर अपनी राजनीतिक पारी का ऐलान करने का फैसला किया था।
अपनी 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को मां विंध्यवासिनी देवी के जन्मोत्सव के दिन स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की घोषणा की थी। उनके इस फैसले ने सभी को चौंका दिया था। आईएएस पद छोड़ने के बाद वह मीरजापुर भी पहुंचीं। इसके बाद से ही उनके इसी जिले से विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं चल रही थीं।
गुरुवार दोपहर एक बजे उन्होंने सोशल मीडिया पर 8 मिनट 29 सेकंड का वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने ‘सूरज को निकलने के लिए किसी से अनुमति नहीं’ संदेश के साथ अपनी ‘जननीति भारत पार्टी’ की घोषणा की और पार्टी से जुड़े जरूरी बिंदुओं को सामने रखा।
मीरजापुर सदर सीट पर दिव्या मित्तल देंगी चुनौती
मीरजापुर सदर विधानसभा सीट पर अब तक भारतीय जनता पार्टी की अच्छी पकड़ रही है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के रत्नाकर मिश्रा ने 1,18,263 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कैलाश चौरसिया को 77,921 मत मिले थे।
अब दिव्या मित्तल ने इसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उनके इस फैसले के बाद मीरजापुर सदर सीट की राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.