भोपाल में 7 इंच बारिश से हाहाकार, सड़कें बनीं तालाब; MP के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

HIGHLIGHTS
- नर्मदापुरम में 5 इंच और रायसेन में 4.9 इंच बारिश दर्ज हुई।
- भोपाल-बैरसिया मार्ग पर ईंटखेड़ी पुल से आवागमन रोका गया।
- मंत्री विश्वास सारंग ने राहत कार्य और नाले-नालियों की सफाई के निर्देश दिए।
भोपाल। मध्य प्रदेश में सक्रिय मजबूत बारिश प्रणाली के चलते प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 7 इंच बारिश भोपाल में दर्ज की गई। इसके अलावा नर्मदापुरम में 5 इंच, रायसेन में 4.9 इंच, राजगढ़ और शाजापुर में 4.5 इंच और सीहोर में 4 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है। लगातार हो रही बारिश से भोपाल के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। वहीं, डैम और अन्य जलस्रोतों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।
बारिश का असर कई जिलों में जनजीवन पर दिखाई दे रहा है। सीहोर में कई रास्ते बंद हो गए हैं और कई घरों में पानी घुस गया है। ब्यावरा के रेलवे अंडरपास में पानी भरने से करीब 25 गांवों का संपर्क टूट गया है। भोपाल-बैरसिया मार्ग पर ईंटखेड़ी पुल के ऊपर पानी आने के कारण आवागमन रोकना पड़ा। वहीं, बैरसिया क्षेत्र की कई नदियां और नाले उफान पर हैं। मंडला में नर्मदा नदी का जलस्तर कम होने के बावजूद छोटा पुल अभी भी पानी में डूबा हुआ है।
NHAI अधिकारियों की उदासीनता और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण जेल रोड स्थित वार्ड-75 की कंफर्ट ग्रीन कॉलोनी के सामने सड़क पर भारी जलभराव हो गया है। स्थिति ऐसी हो गई है कि सड़क तालाब जैसी दिखाई दे रही है। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि कुछ देर और बारिश जारी रही तो सड़क पूरी तरह पानी में डूब सकती है।
मंत्री विश्वास सारंग ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ नाले और नालियों की सफाई कराने को भी कहा है।
लगातार बारिश से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। हालांकि, किसानों को इस बारिश से खरीफ फसलों के लिए फायदा होने की उम्मीद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.