बिहार नाव हादसा: वैशाली में 13 बच्चों की मौत, राष्ट्रपति और पीएम ने जताया दुख

HIGHLIGHTS
- मृतकों में ज्यादातर बच्चे और लड़कियां शामिल थीं।
- तेजस्वी यादव और चिराग पासवान ने घटना पर दुख जताया।
- एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से कम से कम 13 लोगों की डूबकर मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर बच्चे और लड़कियां शामिल थीं। बताया जा रहा है कि छोटी नाव में 20 से 25 लोग सवार थे और सभी मृत्यु भोज में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। स्थानीय गोताखोरों के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम बचाव कार्य में जुटी है।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह के मुताबिक, हादसा रात करीब 8:30 बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ। घटनास्थल जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर है। शुरुआती जानकारी में नाव पर 15 से 20 लोगों के सवार होने की बात सामने आई थी, जिनमें अधिकतर बच्चे थे। हालांकि, नाव में सवार लोगों की वास्तविक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख
वैशाली में हुए नाव हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और इस कठिन समय में उन्हें हिम्मत मिलने की कामना की। राष्ट्रपति ने कहा कि वैशाली में नाव दुर्घटना में बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही, हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की सहायता
नाव हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी।
पीएमओ ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर वैशाली में नाव पलटने की घटना को बेहद दुखद बताया। पोस्ट में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता कर रहा है। पीएमओ की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक मदद दी जाएगी।
बिहार सरकार देगी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये
हादसे के बाद बिहार सरकार ने भी मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा है।
केंद्र और राज्य सरकार की ओर से घोषित सहायता के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल छह लाख रुपये की आर्थिक मदद मिल सकती है। हालांकि, सहायता राशि का वितरण संबंधित सरकारी प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने जताया दुख, बोले- राघोपुर जाएंगे
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव ने नाव हादसे को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या करीब 30 तक हो सकती है। तेजस्वी यादव ने कहा कि पटना पहुंचने के बाद वह सीधे राघोपुर जाएंगे।
उन्होंने हादसे में बच्चों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता देने की अपील की। रात में हुए हादसे के बाद बचाव अभियान जारी है। तेजस्वी यादव ने अपने लोगों को भी घटनास्थल पर भेजा है, ताकि वे स्थिति का जायजा लेकर पीड़ित परिवारों की मदद कर सकें।
चिराग पासवान ने की मुआवजा देने की मांग
राघोपुर में हुए हादसे पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मेरे संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राघोपुर दियारा में नाव हादसे में कई लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। इस हादसे में अधिकांश मासूम बच्चों की जान जाने की खबर है। इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और पीड़ित परिवारों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति दें। स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत एवं हरसंभव सहायता पहुंचाई जाए। घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।'
बुधवार सुबह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बताया कि वह मृतकों के परिजनों से मिलने राघोपुर जाएंगे। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मेरे संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राघोपुर दियारा में हुए नाव हादसे में कई लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। वर्तमान में SDRF की टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए NMCH भेजा गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी से मेरी बात हुई है और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली है। केंद्र और राज्य सरकार की माध्यम से पीड़ितों को कैसे ज्यादा से ज्यादा मदद मिल सके इसपर भी विस्तृत चर्चाएं हुई है। आज मैं स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात करूंगा तथा अस्पताल में भर्ती घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लूंगा।'
भोज में शामिल होने जा रहे थे बच्चे, तभी पलटी नाव
यह दुर्घटना मंगलवार देर शाम वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 15 से 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर भोज में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई और उसमें सवार बच्चे नदी में डूब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन बचाव अभियान में जुट गए।
मृतकों की पहचान हुई, परिवारों में मचा कोहराम
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में लगा हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.