BJP की नई टीम में छत्तीसगढ़ को दो अहम जिम्मेदारियां, रूप कुमारी चौधरी बनी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष

HIGHLIGHTS
- नितिन नवीन ने भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी की।
- रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया।
- दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नामों का एलान किया। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस सूची में छत्तीसगढ़ से दो नेताओं को जगह मिली है। छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। नई टीम में इस बार छत्तीसगढ़ से कम नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिली है। पिछली कार्यकारिणी में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, सरोज पांडेय और लता उसेंडी समेत कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई थीं।
ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी का इस समय उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों पर फोकस है। उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए वहां के नेताओं को टीम में अधिक महत्व दिया गया है।
रूप कुमारी चौधरी
महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी को बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। राज्य के बीजेपी संगठन में इसे पार्टी के भीतर मजबूती और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के तौर पर देखा जा रहा है।
सांसद रूप कुमारी चौधरी छत्तीसगढ़ की अनुभवी और जमीन से जुड़ी महिला नेत्री हैं। वह प्रदेश की राजनीति में कई संगठनात्मक पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं। महिला सशक्तिकरण समेत कई मुद्दों पर वह सक्रिय रही हैं। पार्टी ने उनकी इस भूमिका को ध्यान में रखते हुए महिला मोर्चा की अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
5 जुलाई 1976 को जन्मीं रूप कुमारी ने राजनीति विज्ञान से बीए और इसी विषय से एमए किया है। उनके पति ओमप्रकाश चौधरी हैं। वह ग्राम हर्राटार, पोस्ट-सराईपाली, जिला महासमुन्द की पूर्व निवासी हैं। वर्तमान में वार्ड क्रमांक 6, बसना जिला महासमुन्द में रहती हैं।
रूप कुमारी चौधरी का राजनीतिक सफर
- 2005: जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 13 (सराईपाली विधानसभा)
- 2006: कार्यकारिणी सदस्य भाजपा, जिला महासमुन्द
- 2007: सदस्य प्राथमिक सोसायटी, केजुवां
- 2009: प्रतिनिधि राज्य सहकारी संघ, रायपुर
- 2010: जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 12 (बसना विधानसभा)
- 2011: जिला महामंत्री भाजपा महिला मोर्चा, महासमुन्द
- 2013: विधायक बसना विधानसभा
- 2014: प्रदेश मंत्री भाजपा छत्तीसगढ़
- 2015: संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन (महिला एवं बाल विकास मंत्रालय)
- 2019: जिलाध्यक्ष भाजपा, महासमुन्द
- 2024 से अब तक: सांसद, महासमुन्द लोकसभा
- 2025 से अब तक: उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़
- 2026: राष्ट्रीय अध्यक्ष, महिला मोर्चा, बीजेपी
दीपक म्हस्के
दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी देकर भाजपा ने अपनी डिजिटल रणनीति को और मजबूत किया है। म्हस्के लंबे समय से पार्टी के सोशल मीडिया कैंपेन और डिजिटल मामलों में सक्रिय रहे हैं। उन्हें बीजेपी के तकनीकी रूप से सक्रिय युवा नेता के तौर पर देखा जाता है।
उन्होंने पार्टी के डिजिटल और सोशल मीडिया विंग को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
दीपक म्हस्के का राजनीतिक सफर
15 मार्च 1968 को जन्मे दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉरपोरेशन में राज्य मंत्री दर्जे की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वह छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के राज्य प्रवक्ता भी रह चुके हैं।
- इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड, जो पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधीन केंद्रीय सरकारी उद्यम है, के बोर्ड में गैर-सरकारी/स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्य कर चुके हैं।
- भाजपा के राष्ट्रीय सदस्य के रूप में सोशल मीडिया और पार्टी संचार से जुड़ी भूमिकाओं में सक्रिय रहे हैं।
- करियर के शुरुआती दौर में कुछ वर्षों तक कॉलेज में रसायन विज्ञान के प्रोफेसर के रूप में कार्य किया।
- कृषि फसलों और जैविक खेती में 35 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाले कृषक के रूप में भी कार्यरत हैं।
- डेटा संग्रह, विश्लेषण और शासन से जुड़ी भूमिकाओं में रुचि रखते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.