लद्दाख को मिली आधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात, पर्यटन को मिलेगी नई ऊर्जा: पीएम मोदी

HIGHLIGHTS
- टर्मिनल में जियोथर्मल हीटिंग के साथ सौर ऊर्जा का भी इस्तेमाल किया गया है।
- निम्मू-पदुम-दारचा सड़क पर करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
- इस सड़क से यात्रा का समय लगभग 12 घंटे से घटकर करीब 3 घंटे होने की संभावना है।
लद्दाख। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लद्दाख में बुनियादी ढांचे, सामरिक सुरक्षा और सतत विकास को बढ़ावा देने वाली करीब 3,350 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य हर मौसम में बेहतर कनेक्टिविटी, ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और जल संकट से निपटने की दिशा में मदद करना है।
पीएम मोदी ने लेह स्थित कुशक बकुला रिम्पोछे हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन कर इसे यात्रियों को समर्पित किया। करीब 23,800 वर्ग मीटर में बने इस आधुनिक टर्मिनल की सालाना यात्री क्षमता 35 लाख है।
ऊर्जा की खपत कम करने और कार्बन उत्सर्जन घटाने के लिए टर्मिनल में भू-तापीय यानी जियोथर्मल ऊर्जा तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके परिसर में स्थानीय सांस्कृतिक कला की झलक भी देखने को मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह टर्मिनल लद्दाख में हवाई कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लद्दाख की प्रगति और विकास में आज एक नया अध्याय जुड़ रहा है। उन्होंने तकनीक के माध्यम से इस अवसर का हिस्सा बनने पर खुशी जताई।
कई क्षेत्रों में लोगों को मिलेगा लाभ: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि लद्दाख में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। इनके माध्यम से लोगों का सफर आसान होगा, बिजली की सुविधाओं में सुधार होगा, पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और प्राचीन विरासत के संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
पीएम मोदी ने इन परियोजनाओं के लिए लद्दाख के लोगों को बधाई दी। साथ ही, उन्होंने परियोजनाओं में काम करने वाले इंजीनियरों, श्रमिकों और स्थानीय सहयोगियों की सराहना की। उन्होंने सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मचारियों की भी विशेष प्रशंसा की।
तीन गुना तक बढ़ सकती है उड़ानों की संख्या
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले उन्होंने लेह के कुशक बकुला रिम्पोछे हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखी थी। अब इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन करने का अवसर मिलने पर उन्होंने खुशी जताई।
करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस टर्मिनल के शुरू होने से हवाई अड्डे की वार्षिक यात्री क्षमता 10 लाख से बढ़कर 35 लाख हो जाएगी। इसके साथ ही उड़ानों की संख्या भी तीन गुना तक बढ़ने की संभावना है।
जियोथर्मल हीटिंग की सुविधा वाला देश का पहला एयरपोर्ट टर्मिनल
पीएम मोदी ने कहा कि लद्दाख की कठिन मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नए टर्मिनल के निर्माण में जियोथर्मल तकनीक का उपयोग किया गया है। इसके अलावा सौर ऊर्जा का भी इस्तेमाल किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह भारत का पहला एयरपोर्ट टर्मिनल है, जहां जियोथर्मल हीटिंग की सुविधा उपलब्ध है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास लद्दाख में आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास करने के साथ-साथ यहां के पर्यावरण का भी ध्यान रखना है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आधुनिक टर्मिनल से लद्दाख के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊर्जा मिलेगी। इस परियोजना के लिए उन्होंने क्षेत्र के लोगों को बधाई भी दी।
12 घंटे का सफर अब करीब 3 घंटे में होगा पूरा
प्रधानमंत्री ने निम्मू-पदुम-दारचा सड़क परियोजना को भी महत्वपूर्ण बताया। करीब 2,500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सड़क को लद्दाख के लोगों को समर्पित किया गया।
पीएम मोदी के अनुसार, इस मार्ग से पहले जिस सफर को पूरा करने में करीब 12 घंटे लगते थे, अब उसे लगभग तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे यात्रियों का समय बचेगा और व्यापार एवं कारोबार को भी मदद मिलेगी।
लद्दाख के युवाओं के लिए शिक्षा और तकनीक पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का विशेष ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर है। यहां के युवाओं को बेहतर शिक्षा, नई तकनीक सीखने के अवसर और अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने की सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी दिशा में लेह में एक बड़ा उत्कृष्टता केंद्र विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आईआईटी जम्मू और आईआईएम जम्मू के सैटेलाइट कैंपस स्थापित करने के प्रस्तावों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे लद्दाख के युवाओं को उच्च शिक्षा, शोध और नए कौशल सीखने के लिए अपने क्षेत्र में ही बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर भी ध्यान
पीएम मोदी ने कहा कि लद्दाख में खेलों की अपार संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं ने आइस हॉकी, विंटर स्पोर्ट्स और पर्वतारोहण जैसे क्षेत्रों में अपनी विशेष पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के माध्यम से लद्दाख की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल कर सकें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.