छात्र आंदोलन पर CM हेमंत सोरेन की अपील- संवाद और विश्वास से निकालें समाधान

HIGHLIGHTS
- सीएम ने प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों व जवानों का आभार जताया।
- हेमंत सोरेन ने छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार को स्वीकार किया।
- सरकार के वरिष्ठ मंत्री छात्रों से लगातार संवाद करते रहे हैं।
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर छात्र आंदोलन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने सोमवार को हुए छात्र आंदोलन के दौरान संयम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ स्थिति संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारियों व जवानों का आभार जताया।
छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा साथियों ने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाई है। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है और छात्रों की आवाज का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से एक बार फिर संवाद और विश्वास के साथ मिलकर इस मुद्दे का समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों की बात सुनी है और उनकी सरकार के वरिष्ठ मंत्री लगातार छात्रों के साथ संवाद करते रहे हैं।
उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में यह भी सामने आया है कि दोषी कोई भी हो, सरकार ने किसी को नहीं बख्शा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य व्यवस्था की उन कमियों को दूर करना है, जिनके कारण भविष्य में किसी छात्र को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था को ज्यादा पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने की दिशा में काम करना चाहती है। इस बदलाव में छात्रों की भागीदारी को उन्होंने सबसे अहम बताया। सरकार का प्रयास है कि झारखंड सिर्फ समस्याओं की चर्चा तक सीमित न रहे, बल्कि समाधान की एक नई मिसाल पेश करे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह समझते हैं कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए माहौल बिगाड़ने और छात्रों को भटकाने की कोशिश की।
उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक नेरेटिव के प्रभाव में न आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी छात्र झारखंड का भविष्य हैं और उनकी आवाज को नजरअंदाज करने के बजाय उसे सुनना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.