कोडीन सिरप तस्करी मामला: भोला प्रसाद की 5.77 करोड़ की संपत्ति कुर्क

सोनभद्र। कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी मामले में संलिप्त आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले 28.50 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी थी, और शनिवार को पुलिस ने करीब 5.77 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति कुर्क कर दी। अब तक कुल 34.27 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति पुलिस के कब्जे में आ चुकी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई। आरोपी भोला प्रसाद, निवासी प्रहलाद घाट के कायस्थ टोला, और उसके परिवार की संपत्तियों पर थाना रॉबर्ट्सगंज में दर्ज एफआईआर के तहत जांच चल रही है।
कुर्की की गई संपत्तियां
पुलिस ने मड़ौली, भरलाई और जगदीशपुर क्षेत्र में कुल सात अचल संपत्तियों को कुर्क किया, जिनकी कीमत लगभग 4.55 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा चार लग्जरी और अन्य वाहन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 51 लाख रुपये है। बैंक खातों में जमा 70.99 लाख रुपये की राशि भी अभिग्रहित की गई।
कुर्क किए गए वाहनों में फॉर्च्यूनर लेजेंडर, हुंडई आई-20, एक्टिवा और वेस्पा स्कूटर शामिल हैं। फॉर्च्यूनर की कीमत ही लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में एसआईटी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष हाथीनाला नागेश सिंह, चौकी प्रभारी डाला घनश्याम तिवारी और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा, "नशीली दवाओं की तस्करी और उससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कठोर और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.