IGI एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट विमान में हंगामा, AC ठप होने से यात्रियों की हालत बिगड़ी

HIGHLIGHTS
- बोर्डिंग पूरी होने के बाद केबिन का एयर कंडीशनिंग सिस्टम हुआ बंद
- गर्मी और घुटन से यात्रियों की परेशानी बढ़ी
- विमान में बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों के होने का दावा
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दिल्ली-पुणे उड़ान में बोर्डिंग पूरी होने के बाद बड़ा हंगामा हो गया। विमान का केबिन एयर कंडीशनिंग सिस्टम अचानक बंद हो गया, जिससे अंदर का तापमान तेजी से बढ़ने लगा।
गर्मी और घुटन के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। काफी देर तक राहत नहीं मिलने पर यात्रियों ने क्रू मेंबर्स के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया और टेकऑफ से ठीक पहले उड़ान रोक दी। इसके बाद यात्री टरमैक पर उतर आए और एयरलाइन की लापरवाही के खिलाफ विरोध जताया। बाद में विमान को वापस बे में लाया गया।
बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में हुई परेशानी
यात्रियों का आरोप है कि विमान में कई छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी मौजूद थे। एसी बंद होने और वेंटिलेशन नहीं मिलने से केबिन में हवा का प्रवाह रुक गया। यात्री पसीने से भीग गए और स्थिति काफी परेशान करने वाली हो गई। कई यात्रियों को सांस लेने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
इस घटना से जुड़े कई वीडियो एक्स पर साझा किए गए हैं। वीडियो में परेशान यात्री सीट में रखी मैगजीन और कागजों से हवा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो साझा करने वाले यूजर ने दावा किया कि विमान में पहले से तकनीकी खराबी थी, लेकिन इसे नजरअंदाज कर यात्रियों की बोर्डिंग कराई गई।
कैप्टन ने दी पुलिस बुलाने की धमकी
भीषण गर्मी और घुटन के बीच जब विमान को टेकऑफ के लिए रनवे पर ले जाया गया, तो यात्रियों ने अपनी सुरक्षा को देखते हुए उड़ान भरने से इनकार कर दिया और विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि यात्रियों को राहत देने के बजाय फ्लाइट के कैप्टन और क्रू मेंबर्स उन पर ही चिल्लाने लगे। यात्रियों को शांत कराने के लिए पुलिस बुलाने की धमकी भी दी गई। हालांकि, बाद में जांच के दौरान विमान में पहले से गंभीर तकनीकी खराबी होने की बात सामने आई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.