हाजीपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद हुई वारदात

HIGHLIGHTS
- मृतक की पहचान वार्ड 26 निवासी 49 वर्षीय रामनरेश राय के रूप में हुई
- प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की
- घायल रामनरेश राय को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
हाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले एक ठेकेदार की बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर हत्या कर दी। घटना दिघी नया टोला स्थित पोखर के पास हुई।
मृतक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 26 निवासी 49 वर्षीय रामनरेश राय के रूप में हुई है। दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, रामनरेश राय रोज की तरह गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर दिघी नया टोला पोखर के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।
ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। कई गोलियां रामनरेश राय के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में लगीं। अचानक हुई गोलीबारी में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामनरेश राय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में कुछ समय तक लोगों की भीड़ जमा रही। बाद में परिजन शव को लेकर घर चले गए।
CCTV फुटेज आई सामने
घटनास्थल का CCTV फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। फुटेज में रामनरेश राय को मॉर्निंग वॉक करते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार बदमाश सामने से आते हैं और गोलीबारी शुरू कर देते हैं।
रामनरेश राय जान बचाकर भागने का प्रयास करते हैं, लेकिन दो बदमाश उनका पीछा करते हुए कई गोलियां चलाते हैं। CCTV फुटेज में दोनों बदमाशों को रामनरेश राय का पीछा कर गोली मारते हुए देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले जमीन के विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने रामनरेश राय को हत्या की धमकी दी थी। पुलिस फिलहाल इस बिंदु समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि रामनरेश राय को चार-पांच गोलियां लगी हैं। CCTV कैमरों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। करीब एक महीने पहले जमीन विवाद का मामला सामने आया था। पूरे मामले की जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
चुनाव की तैयारी में जुटे थे रामनरेश
जानकारी के अनुसार, रामनरेश राय हाजीपुर नगर परिषद के सभापति या उपसभापति पद के लिए पिछले चुनाव में तैयारी कर रहे थे। सभापति और उपसभापति की सीट आरक्षित होने के कारण वह चुनाव नहीं लड़ सके थे।
बताया गया कि उनका एक पुत्र है और पत्नी पटना में रहकर बच्चों की पढ़ाई कराती हैं। रामनरेश राय अपने माता-पिता के साथ घर पर रहते थे।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पोखर के आसपास से खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुरानी रंजिश और जमीन-जायदाद के विवाद समेत अन्य पहलुओं से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद दिघी नया टोला और आसपास के इलाकों में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.