रोहिणी आचार्य पर भड़कीं दीपा मांझी, बोलीं- ‘सिंगापुर से ज्ञान कुछ ज्यादा ही आ रहा है, जवाब दो...’

HIGHLIGHTS
- तेजस्वी यादव की टिप्पणी से शुरू हुआ सियासी विवाद अब और बढ़ा
- जीतन राम मांझी के बयान पर रोहिणी आचार्य ने किया था पलटवार
- रोहिणी ने श्रेयसी सिंह की जुबान फिसलने का भी दिया हवाला
पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का पक्ष लेने पर इमामगंज विधायक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी ने रोहिणी आचार्य पर तीखा जुबानी हमला किया है।
दीपा मांझी ने कहा, “बहन रोहिणी, सिंगापुर से ज्ञान कुछ ज्यादा ही आ रहा है, इसलिए जरा जवाब दो...।” उन्होंने सवाल किया कि क्या तेजस्वी यादव वही हैं, जिनके बारे में रोहिणी आचार्य ने खुद सार्वजनिक रूप से कहा था कि संजय यादव, रमीज और तेजस्वी ने उन्हें परिवार से बाहर कर दिया। दीपा ने पूछा कि फिर आज वह उन्हीं लोगों के बचाव में क्यों खड़ी हो जाती हैं।
दीपा मांझी ने आगे सवाल किया कि क्या तेजस्वी यादव कभी रोहिणी आचार्य को राजद की कमान सौंपेंगे? क्या उन्हें पार्टी में अपने बराबर की राजनीतिक ताकत देंगे और नेतृत्व में आगे बढ़ाएंगे?
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 17 अगस्त को राजद कार्यालय में पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव के मुंह से गलती से दशरथ मांझी की जगह ‘जीतन राम मांझी’ का नाम निकल गया। हालांकि, उन्हें तुरंत अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने उसे सुधार लिया।
तेजस्वी यादव की इस गलती पर जीतन राम मांझी ने तंज कसा। उन्होंने एक्स पर तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए लिखा, “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल। शायद रात वाला उतरा नहीं।”
रोहिणी आचार्य ने किया पलटवार
जीतन राम मांझी के व्यक्तिगत तंज के बाद तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने जवाब दिया। रोहिणी ने अपने पोस्ट में पूछा, “कहीं बीजेपी की श्रेयसी सिंह वाला नशा तो नहीं किया था प्रतिपक्ष के नेता?” उन्होंने मांझी को चुनौती देते हुए कहा कि उनमें श्रेयसी सिंह की गलती पर बोलने की हिम्मत नहीं है।
विवाद में श्रेयसी सिंह की एंट्री कैसे हुई?
स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाषण के दौरान श्रेयसी सिंह की भी जुबान फिसल गई थी। उन्होंने अपने संबोधन में महात्मा गांधी को ‘राष्ट्रपिता’ की जगह ‘राष्ट्रपति’ और जयप्रकाश नारायण को ‘लोकनायक’ की जगह ‘जनप्रकाश’ कह दिया था।
रोहिणी आचार्य ने श्रेयसी सिंह की इसी हालिया गलती का हवाला देकर जीतन राम मांझी के कथित दोहरे मापदंड पर निशाना साधा। अब इसी सियासी विवाद में जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी की भी एंट्री हो गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.