दिल्ली: लक्ष्मी नगर में दबंगों का तांडव, बाप-बेटे से सरेआम मारपीट

दिल्ली के लक्ष्मी नगर क्षेत्र में 2 जनवरी को सामने आई एक सनसनीखेज घटना ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में दबंगों के एक समूह ने दिनदहाड़े एक पिता और उसके बेटे के साथ अमानवीय बर्ताव किया। दोनों को बेरहमी से पीटा गया और युवक को नग्न अवस्था में सड़क पर घसीटते हुए मारपीट की गई।
चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी वारदात पुलिस की मौजूदगी में होती रही, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हालात को नियंत्रित करने में नाकाम नजर आए। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद आरोपियों की बर्बरता के साथ-साथ पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार के घर में संचालित जिम को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते विकास यादव, शुभम यादव, ओमकार यादव और पिंटू यादव ने पहले युवक के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे सड़क पर घसीटकर ले जाया गया, जहां उसे जूतों से पीटा गया। हमले में युवक के दांत टूट गए और सिर में गंभीर चोटें आईं। युवक के पिता को भी जिम परिसर में नग्न कर पीटा गया। आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित की पत्नी के साथ भी हाथापाई की।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया। वीडियो में एक पुलिसकर्मी पीड़ित को कपड़े लौटाते हुए दिखाई देता है, जबकि उससे पहले हमलावर खुलेआम हिंसा करते नजर आते हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, वारदात के समय पुलिस की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। यह घटना एक बार फिर दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति और पुलिस की तत्परता पर गंभीर बहस को जन्म दे रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.