एलिमिनेटर जीतकर दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में, गुजरात को 7 विकेट से हराया

दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) के एलिमिनेटर मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात जाएंट्स को सात विकेट से मात देकर फाइनल में जगह बना ली। यह चौथी बार है जब दिल्ली की टीम खिताबी मुकाबले में पहुंची है। अब 5 फरवरी को फाइनल में उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। दिल्ली के पास पहली बार ट्रॉफी जीतने का सुनहरा मौका रहेगा।
गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से बेथ मूनी ने नाबाद 62 रन की बेहतरीन पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 15.4 ओवर में ही तीन विकेट खोकर 169 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
शेफाली और लिजेली ने रखी मजबूत नींव
दिल्ली की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। शेफाली वर्मा और लिजेली ली ने पहले विकेट के लिए 89 रनों की तेज साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। लिजेली ली ने 24 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि शेफाली ने 21 गेंदों पर 31 रन की पारी खेली। दोनों को जॉर्जिया वारेहम ने आउट किया।
जेमिमा और वोलवार्ट ने जीत आसान की
दो विकेट गिरने के बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स और लाउरा वोलवार्ट ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 68 रन की अहम साझेदारी हुई। जेमिमा ने 41 रन बनाए, जबकि वोलवार्ट 32 रन बनाकर नाबाद रहीं। अंत में मारिजाने काप ने जीत की औपचारिकता पूरी की।
गुजरात की ओर से जॉर्जिया वारेहम को दो और राजेश्वरी गायकवाड़ को एक विकेट मिला।
गुजरात की शुरुआत रही खराब
गुजरात की पारी की शुरुआत लड़खड़ा गई। सोफी डिवाइन जल्दी आउट हो गईं, वहीं अनुष्का शर्मा और एश्ले गार्डनर भी सस्ते में पवेलियन लौट गईं। टीम ने शुरुआती ओवरों में चार विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद बेथ मूनी और जॉर्जिया वारेहम ने पारी संभाली और पांचवें विकेट के लिए 61 रन जोड़े। वारेहम ने 35 रन बनाए, जबकि मूनी ने अंत तक टिकते हुए 62 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
दिल्ली की ओर से चिनेल हेनरी ने तीन विकेट लिए, नंदिनी शर्मा को दो और मिनू मणि को एक सफलता मिली।
टॉस और टीमें
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों ने अपने पिछले मैच की प्लेइंग-11 को बरकरार रखा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.