'रिश्ता खत्म कर दो अगर...' बेटे की मौत से एक दिन पहले मां ने शेयर किया था वीडियो

HIGHLIGHTS
- 18 साल के बेटे से आईफोन की किस्त को लेकर हुआ विवाद, पहाड़ी से गिरकर तीनों की मौत
- आईफोन की किस्त बनी विवाद की वजह, बेटे को मनाने पहाड़ी पहुंचे माता-पिता की दर्दनाक मौत
- पिता से झगड़े के बाद पहाड़ी पर बैठा युवक, बचाने पहुंचे माता-पिता समेत तीनों की मौत
मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आईफोन की किस्त को लेकर 18 वर्षीय कुणाल का अपने पिता से विवाद हो गया। गुस्से में वह पहाड़ी पर जाकर बैठ गया। कुणाल को मनाने के लिए उसके माता-पिता के साथ गांव के सरपंच भी पहुंचे और उसकी हर ख्वाहिश पूरी करने की बात कही, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
इसके बाद जब उसके माता-पिता उसे बचाने पहाड़ी पर पहुंचे तो तीनों करीब 300 फीट नीचे गिर गए। हादसे में कुणाल और उसके माता-पिता की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को छत्रपति संभाजीनगर के कोहड्या डोंगर में हुई।
घटना से एक दिन पहले गुरुवार को कुणाल की मां संगीता ने एक वीडियो साझा किया था, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
रिश्तों में सम्मान और सही फैसले पर की थी बात
संगीता ने गुरुवार को यूट्यूब पर खुद रिकॉर्ड किया हुआ एक वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने रिश्तों में सम्मान और प्रेम की अहमियत पर बात की थी।
उन्होंने कहा था कि अपना भाग्य उसी व्यक्ति को सौंपना चाहिए जो सम्मान करता हो और प्रेम की कद्र करता हो। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति आपके प्यार और सम्मान की कीमत नहीं समझता और आपके प्रयासों का कोई मोल नहीं है, उसके लिए कुछ भी करने का कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने रिश्ते की तुलना चपाती से करते हुए कहा था कि जिस तरह चपाती दोनों तरफ से अच्छी तरह सिकने पर स्वादिष्ट लगती है, उसी तरह रिश्ता भी तभी सार्थक होता है जब दोनों पक्षों की ओर से अच्छा व्यवहार हो और दोनों एक-दूसरे को महत्व दें।
संगीता ने यह भी कहा था कि अगर केवल एक व्यक्ति रिश्ता निभा रहा है और दूसरा उसकी कद्र नहीं कर रहा है, तो ऐसे रिश्ते में रहने का कोई अर्थ नहीं है। ऐसी स्थिति में ऐसे लोगों से रिश्ता तोड़ लेना चाहिए।
संगीता के यूट्यूब चैनल पर 29,000 से अधिक फॉलोअर्स थे। वह अपने चैनल पर कई प्रेरक वीडियो पोस्ट करती थीं और बेटे के साथ छोटे व्लॉग भी साझा करती थीं।

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.