फर्रुखाबाद:डीजे लदा ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से बालक की मौत, 11 घायल

फर्रुखाबाद: ढाईघाट से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक डीजे लगी ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार शाम हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार के कारण ट्रॉली पलटने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसके परिजन सहित 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के मिलीकिया पहाड़पुर गांव से करीब 50 लोग दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से गंगा स्नान के लिए ढाईघाट गए थे। एक ट्रॉली में डीजे सिस्टम लगाया गया था, जिस पर एक दर्जन से अधिक युवक नाचते-गाते यात्रा कर रहे थे। शाम करीब सात बजे स्नान के बाद जब दोनों वाहन वापस लौट रहे थे, तभी आगे निकलने की होड़ में डीजे लगी ट्रॉली अनियंत्रित होकर बूढ़ी गंगा के पास सड़क पर पलट गई।
ट्रॉली पलटते ही डीजे सिस्टम चकनाचूर हो गया और उस पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने ऋतिक (10) पुत्र रामलखन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्राची (12) पुत्री अवधेश को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे में राजरानी (40), आशु (13), बिजेंद्र (20), निखिल और चालक नितिन समेत कई अन्य लोग घायल हुए, जिनका सीएचसी में इलाज कराया गया। चार अन्य घायलों ने निजी अस्पतालों में उपचार कराया। पुलिस ने मृत बालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि ट्रॉली पलटने से यह दुर्घटना हुई, जिसमें एक बच्चे की मौत हुई है और अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.