झारखंड की कथारा कोलियरी में बड़ा हादसा, कोयले का ढेर धंसने से 3 महिलाओं की मौत, 4 घायल

HIGHLIGHTS
- झारखंड के बेरमो स्थित कथारा कोलियरी में बुधवार देर रात हादसा हुआ।
- रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच कोयले का स्टॉक अचानक धंस गया।
- हादसे में कुल सात लोग कोयले के मलबे में दब गए।
बेरमो। झारखंड के सीसीएल कथारा क्षेत्र की कथारा कोलियरी में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब दो से ढाई बजे के बीच स्टॉक में जमा कोयले का ढेर अचानक धंस गया। इसकी चपेट में आने से तीन महिलाओं की जान चली गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसे के दौरान कुल सात लोग कोयले के मलबे में दब गए थे। इस घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, मलबे में दबने से गंभीर रूप से घायल हुए चार लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
जलावन के लिए कोयला चुनने पहुंची थीं महिलाएं
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान स्थानीय निवासी हीरालाल की पत्नी, गल्लू यादव की पत्नी पुष्पा देवी और विश्वनाथ की पत्नी कौशल्या देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग अपने घरेलू इस्तेमाल के लिए जलावन के तौर पर उपयोग होने वाला कोयला चुनने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान कोयले का स्टॉक अचानक धंस गया और सातों लोग इसकी चपेट में आकर मलबे के नीचे दब गए।
बताया गया है कि हादसे का शिकार हुए सभी सात लोग सीसीएल के कर्मचारी नहीं थे। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.