ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी में फर्नीचर मार्केट की दुकान में लगी आग, एक युवक की मौतक

HIGHLIGHTS
- आग की सूचना पर दमकल विभाग की सात गाड़ियां रवाना की गई थीं।
- मौके पर पहुंची एक दमकल गाड़ी ने ही आग पर काबू पा लिया।
- दुकान के अंदर अल्तमस और अमन बेहोशी की हालत में मिले।
ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में गुरुवार देर रात सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में आग लगने से अफरातफरी मच गई। दुकान के अंदर फंसे दो युवकों को दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दोनों युवक आग और धुएं के कारण बेहोश मिले। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। दूसरे युवक की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
दुकान के अंदर फंसे थे दो युवक
पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी में सीएनसी लकड़ी कटिंग करने वाली दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
आग की स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि राहत और बचाव कार्य के दौरान किसी तरह का अतिरिक्त खतरा न रहे।
इसके बाद दमकल कर्मियों ने दुकान के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद टीम ने दुकान के अंदर से दो युवकों अल्तमस और अमन को बाहर निकाला। दोनों उस समय बेहोश थे।
दमकल कर्मियों और पुलिस ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर उसकी मौत दम घुटने के कारण होने की बात सामने आई है। वहीं, अमन की हालत गंभीर बताई गई है। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया।
दुकान के अंदर सो रहे थे दोनों युवक
सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि आग दुकान में लगी थी। घटना के समय दुकान के अंदर दो लोग सो रहे थे। दोनों युवक धुएं के कारण दम घुटने से घायल हुए। दमकल कर्मियों ने दोनों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
आग की सूचना पर दमकल विभाग की कुल सात गाड़ियां रवाना की गई थीं। हालांकि, मौके पर पहुंची एक ही गाड़ी से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद बाकी गाड़ियों की जरूरत नहीं पड़ी।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दुकान में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया। आग से दुकान में रखा फर्नीचर और लकड़ी कटिंग से संबंधित सामान प्रभावित होने की आशंका है।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.