कोहरे और शीतलहर का कहर, बरेली में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल दो दिन रहेंगे बंद

बरेली: जिले में कोहरे और सर्द हवाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे गलन की भी स्थिति गंभीर हो गई है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर बीएसए डॉ. विनीता ने आदेश जारी किया है कि कक्षा 1 से 8 तक के सभी बोर्ड, परिषदीय, माध्यमिक, राजकीय और सहायता प्राप्त स्कूलों में 29 और 30 दिसंबर को अवकाश रहेगा।
आदेश के अनुसार, इन दो दिनों में स्कूलों में शिक्षकों को केवल प्रशासनिक कार्यों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपस्थित रहना होगा।
कोहरे और ठंड पर अलर्ट
शनिवार सुबह बरेली में घना कोहरा रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। हाईवे से लेकर गली-मोहल्लों तक घना कोहरा देखा गया। तेज़ ठंडी हवाओं के कारण गलन में भी वृद्धि हुई। मौसम विभाग ने जिले में रविवार के लिए रेड अलर्ट और उसके बाद तीन दिन ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिनभर मौसम ठंडा और धूप नहीं निकली
पिछले कुछ दिनों में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई थी। शुक्रवार को दोपहर में हल्की धूप निकली थी, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली और लोग पार्क व छतों पर बैठे नजर आए। लेकिन शनिवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा और दिनभर धूप नहीं निकली।
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते आने वाले दिनों में गलन और बढ़ने की संभावना है। मौसम शुष्क रह सकता है। मंगलवार से शुक्रवार तक अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री का उतार-चढ़ाव देखा गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.3 और न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.