गया में पुराने कुएं में जहरीली गैस की आशंका, कई ग्रामीण फंसे; रेस्क्यू के दौरान जवान भी बेहोश

HIGHLIGHTS
- करमौनी गढ़ गांव में शुक्रवार को पुराने कुएं में हादसा हुआ।
- कुएं में पाइप डालने के लिए ग्रामीण एक-एक कर अंदर उतरे थे।
- ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस की वजह से दम घुटने की आशंका है।
बिहार। गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के करमौनी गढ़ गांव में शुक्रवार को पुराने कुएं में जहरीली गैस की आशंका के बाद अफरातफरी मच गई। कुएं में उतरे कई ग्रामीणों के अंदर फंसे होने की सूचना है। प्रशासन ने अब तक दो लोगों को कुएं से बाहर निकाला है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि दो शव भी बाहर निकाले गए हैं, लेकिन प्रशासन ने अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कुएं में फंसे लोगों को निकालने के लिए अग्निशमन विभाग का एक जवान ऑक्सीजन मास्क लगाकर कुएं के अंदर उतरा। हालांकि, कुछ देर बाद वह भी बेहोश होकर अंदर गिर गया। उसे किसी तरह बाहर निकाला गया और इलाज के लिए डोभी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल भेजने की तैयारी की गई।
पाइप डालने के दौरान कुएं में उतरे थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, कुएं में पाइप डालने के लिए ग्रामीण एक-एक कर अंदर उतरे थे। इसी दौरान ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस के कारण दम घुटने की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी आसपास के गांवों में पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर शेरघाटी डीएसपी राजन कुमार, बीडीओ समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय को सूचना दी गई और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।
एसडीआरएफ के पहुंचने के बाद होगा रेस्क्यू
प्रशासन के अनुसार, कुएं में कुल कितने लोग उतरे थे और अभी कितने लोग अंदर फंसे हुए हैं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।
जिला मुख्यालय में एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि डोभी के करमौनी गांव में कुछ ग्रामीणों के कुएं में फंसे होने की सूचना मिली है। अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि दो लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल भेजा जा रहा है। एसएसपी ने कहा कि इस समय मौत की पुष्टि करना जल्दबाजी होगी। एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने और रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
मौके पर मौजूद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.