20 हजार में लिंग जांच का खेल उजागर, बागपत में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

बागपत: मेरठ रोड स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर पर भ्रूण लिंग जांच के अवैध धंधे का खुलासा हुआ है। मेवात से आई पीसीपीएनडीटी टीम और स्थानीय स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेंटर के संचालक विपिन कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। छापे के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया और आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पीसीपीएनडीटी टीम के नोडल अधिकारी डॉ. मनप्रीत सिंह के अनुसार, करीब एक महीने पहले नूंह निवासी एक महिला ने बागपत में भ्रूण लिंग जांच कराई थी। जांच में भ्रूण के लड़की होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने गर्भपात करा दिया, जिससे महिला की तबीयत बिगड़ गई। शुरू में महिला ने जानकारी देने से इनकार किया, लेकिन आशा कार्यकर्ताओं की मदद से बाद में उसने संबंधित सेंटर का नाम बताया।
जानकारी पुख्ता होने के बाद टीम ने एक महिला को डिकॉय ग्राहक बनाकर योजना बनाई। मंगलवार को डिकॉय महिला, पहले जांच करा चुकी महिला के साथ सेंटर पहुंची और 20 हजार रुपये लेकर अंदर गई। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मार दिया और मौके से विपिन कुमार को रकम सहित पकड़ लिया।
जांच अधिकारी बृजेश कुमार ने बताया कि छापेमारी में 20 हजार रुपये नकद, सीसीटीवी डीवीआर और अन्य जरूरी दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं, कार्रवाई की सूचना मिलते ही आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विपिन कुमार को फर्जी तरीके से फंसाने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि उसे जबरन अल्ट्रासाउंड कक्ष में ले जाकर फोटो खींची गई और मारपीट भी की गई। उनका दावा है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.