केन्या में पर्यटकों को ले जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, 7 लोगों की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा साम्बुरु काउंटी में बुधवार सुबह हुआ
- हेलीकॉप्टर लोइसाबा वाइल्डलाइफ रिजर्व से रवाना हुआ था
- विमान में एक पायलट और छह यात्री सवार थे
नैरोबी। मध्य केन्या के साम्बुरु काउंटी में बुधवार को पर्यटकों को लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में इक्वाडोर के राष्ट्रीय खुफिया केंद्र के प्रमुख मिशेल सेन्सी-कोंटुगी, उनकी पत्नी और पांच अमेरिकी नागरिक शामिल हैं।
केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (KCAA) के मुताबिक, हादसा राजधानी नैरोबी के उत्तर में स्थित साम्बुरु काउंटी में हुआ। स्थानीय समय के अनुसार सुबह 09:13 बजे हेलीकॉप्टर लोइसाबा वाइल्डलाइफ रिजर्व से रवाना हुआ था। खराब मौसम और अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव अभियान में देरी हुई।
अंधेरा होने से राहत-बचाव अभियान में देरी
केन्या रेड क्रॉस ने दोपहर में X पर दुर्घटनास्थल की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें घटनास्थल आग की लपटों से घिरा दिखाई दिया। रेड क्रॉस ने बताया कि दुर्गम इलाका होने के कारण बचाव अभियान में परेशानी आ रही थी।
विमान दुर्घटना जांच विभाग (AAID) के निदेशक फ्रेडरिक काबुंगे ने बताया कि हेलीकॉप्टर में एक पायलट और छह यात्री सवार थे। हादसे में कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।
साम्बुरु काउंटी के पुलिस प्रमुख डेविड नकोरोई ने कहा कि अंधेरा होने और दुर्घटनास्थल की जटिल परिस्थितियों के चलते अभियान को अगले दिन तक के लिए रोक दिया गया है।
पांच अमेरिकी नागरिकों की मौत
अमेरिकी विदेश विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना में पांच अमेरिकी नागरिकों की मौत हुई है। हालांकि, उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई। स्पेनिश भाषा के प्रसारक टेलीमुंडो ने बताया कि फ्लोरिडा में उसके एक वरिष्ठ प्रबंधक जोस अल्बर्टो सुआरेज़ की भी इस हादसे में मौत हुई है।
इक्वाडोर के परिवहन मंत्री रॉबर्टो लुक ने बताया कि मृतकों में राष्ट्रीय खुफिया केंद्र के प्रमुख मिशेल सेन्सी-कोंटुगी और उनकी पत्नी भी शामिल थीं। लुके ने X पर लिखा कि मिशेल और स्टेफनी बहुत जल्द दुनिया छोड़कर चले गए और उन्होंने उनके परिवार, खासकर बच्चों और माता-पिता के प्रति संवेदना व्यक्त की।
क्यों प्रसिद्ध है यह जगह?
उत्तरी केन्या में स्थित साम्बुरु एक बेहद खूबसूरत और लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यहां एक पर्वत है, जिसकी चोटी समुद्र तल से करीब दो हजार मीटर यानी 6560 फीट की ऊंचाई पर है। यह क्षेत्र हाइकिंग के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां कंपनियां पर्यटकों को हेलीकॉप्टर के जरिए ऊपर से प्राकृतिक नजारे दिखाती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.