उज्जैन में चलती ट्रेन पर टूटी हाई-वोल्टेज इलेक्ट्रिक लाइन, इंजन में लगी आग; टला बड़ा हादसा

HIGHLIGHTS
- घटना के बाद रेलवे ने प्रभावित ट्रैक की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी थी।
- कई यात्रियों को घबराहट में ट्रेन से उतरने के दौरान चोटें आईं।
- मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद करीब दो घंटे बाद रेल संचालन फिर से शुरू हो सका।
उज्जैन। उज्जैन के माहिदपुर रोड रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां से गुजर रही रतलाम-कोटा पैसेंजर मेमू ट्रेन के इंजन पर 25 हजार केवी की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन टूटकर गिर गई। इससे इंजन के ऊपरी हिस्से में आग लग गई। घटना के समय ट्रेन चल रही थी।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
ओएचई लाइन टूटने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। इंजन से आग की लपटें उठती देख यात्रियों में डर का माहौल बन गया। घबराए कई यात्री ट्रेन की बोगियों से नीचे उतरने की कोशिश में गिर गए, जिससे उन्हें चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करंट फैलने की आशंका के चलते कुछ यात्रियों ने चलती ट्रेन से भी छलांग लगा दी। हालांकि ट्रेन आगे निकल गई और टूटा हुआ ओएचई तार पीछे रह गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दो घंटे तक प्रभावित रहा रेल यातायात
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। रेलवे ने प्रभावित ट्रैक की बिजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस हादसे के कारण करीब दो घंटे तक इस रूट पर रेल यातायात बाधित रहा। रेलवे कर्मचारियों ने टूटे हुए ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया। मरम्मत पूरी होने के बाद धीरे-धीरे रेल परिचालन सामान्य हो गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.