कोरबा में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसा पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुआ
- बाइक सवार दीपक कंवर और नागेश सिंह पैकरा की मौके पर मौत हुई
- गंभीर रूप से घायल भुजबल चौहान ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-130 पर चैतमा के पास तेज रफ्तार बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया।
बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कार में सवार मां-बेटे और चालक को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास हुई।
कब और कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, रायपुर से किराए पर ली गई कार क्रमांक सीजी 04 क्यूएम 7472 में बैकुंठपुर निवासी मां-बेटे और चालक उपचार कराने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रही बाइक से कार की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और वह गलत दिशा से आ रही थी।
अचानक सामने आए वाहन से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। बाइक पर जनपद पंचायत पाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत सगुना निवासी दीपक कंवर पिता आनंद सिंह, नागेश सिंह पैकरा पिता नेतराम और भुजबल चौहान पिता छतराम सवार थे। तीनों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई गई है। हादसे में दीपक और नागेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भुजबल गंभीर रूप से घायल हो गया।
तीनों युवक खरीदारी के लिए आ रहे थे चैतमा
चैतमा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल भुजबल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बताया गया कि बाइक सवार तीनों युवक चैतमा बाजार में खरीदारी के लिए आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई।
हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। कार सवार महिला के पैर में चोट आई है, जबकि उसका बेटा और चालक भी घायल हुए हैं।
कार में उपचार के बाद लौट रहे थे मां-बेटे
चैतमा प्रतिनिधि दिलेश्वर आदिले के अनुसार, कार में बैकुंठपुर निवासी मां-बेटे और चालक सवार थे। दोनों उपचार कराने के बाद किराए की कार से वापस बैकुंठपुर लौट रहे थे। इसी दौरान चैतमा के पास हादसा हो गया।
कार के अगले हिस्से की स्थिति देखकर टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
रफ्तार पर नहीं लग रहा अंकुश
चैतमा क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रहे हादसे चिंता बढ़ा रहे हैं। प्रशासन और पुलिस ने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर सुधार कार्य भी कराए हैं, लेकिन तेज रफ्तार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
पुलिस की समझाइश और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान के बावजूद वाहन चालक गति कम नहीं कर रहे हैं। यही लापरवाही कई बार वाहन से नियंत्रण हटने और गंभीर हादसे का कारण बन रही है।
थाना प्रभारी अफसर खान ने बताया कि हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हुई है। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.