तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में 17 की मौत, कई घायल

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। चेवेला मंडल के खनापुर गेट के पास टीजीएसआरटीसी की बस और एक टिपर ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर में 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा सुबह उस समय हुआ जब बजरी से भरा एक टिपर ट्रक गलत दिशा में आकर बस से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का माल बस पर जा गिरा, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे की वजह ट्रक चालक की लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाना सामने आई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और चालक की तलाश जारी है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया शोक, राहत कार्यों के दिए निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए कि सभी घायलों को तुरंत हैदराबाद लाकर बेहतर इलाज की व्यवस्था की जाए। सीएम ने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के आदेश दिए हैं।
परिवहन मंत्री और केटीआर ने भी जताया दुख
राज्य के परिवहन मंत्री पोनम प्रभाकर ने भी इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने आरटीसी के एमडी और रंगारेड्डी के जिला कलेक्टर से बात कर घायलों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने ट्वीट कर कहा कि चेवेला में हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने सभी को झकझोर दिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सरकार से पीड़ित परिवारों को तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।
प्रशासन सतर्क, जांच जारी
पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। मलबा हटाने का काम जारी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। सरकार ने मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.