आईपीएल ट्रेड विंडो में हलचल: अर्जुन तेंदुलकर मुंबई से बाहर, शमी ने हैदराबाद छोड़ा

आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी से पहले टीमों में बड़े फेरबदल तेज हो गए हैं। इसी क्रम में मुंबई इंडियंस ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को लखनऊ सुपर जायंट्स को सौंप दिया है। लखनऊ ने अर्जुन को 30 लाख रुपये में अपने स्क्वाड में शामिल किया है। आगामी सत्र में वह एलएसजी की जर्सी में खेलते दिखाई देंगे।
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर अर्जुन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए लिखा कि फ्रेंचाइजी उनके विकास का हिस्सा बनकर गर्व महसूस करती है और लखनऊ के साथ उनके नए अध्याय के लिए टीम शुभकामनाएँ देती है।
इस बीच, मुंबई इंडियंस ने लेग स्पिनर मयंक मार्केंडे को फिर से टीम में शामिल कर लिया है। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स से 30 लाख रुपये की ट्रेड राशि पर वापस लाया गया है। मार्केंडे इससे पहले 2018, 2019 और 2022 में मुंबई का हिस्सा रह चुके हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने तेज़ गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के अनुभवी पेसर मोहम्मद शमी को हासिल किया है। शमी को उनकी पूर्व टीम ने 10 करोड़ रुपये में अनुबंधित किया था और वे उसी फीस पर लखनऊ से जुड़े हैं।
अनुभवी बल्लेबाज नीतीश राणा अब दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। दिल्ली ने उन्हें राजस्थान रॉयल्स से 4.2 करोड़ रुपये की ट्रेड राशि पर अपने साथ जोड़ा है। आईपीएल में 100 से अधिक मुकाबलों का अनुभव रखने वाले राणा ने 2023 में केकेआर की कप्तानी भी की थी।
दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी डोनोवान फरेरा भी आगामी सत्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स से एक करोड़ रुपये की ट्रेड राशि पर राजस्थान ने अपने स्क्वाड में शामिल किया है, जो उनकी पिछली कीमत 75 लाख रुपये से अधिक है।
इधर, राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करने वाले संजू सैमसन के करियर में बड़ा बदलाव आया है। सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स ने 18 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है, जिसके बाद वह आगामी सत्र में येलो जर्सी में नज़र आएंगे।
ट्रेड विंडो में राजस्थान ने दो और बड़े नाम अपनी टीम में जोड़े हैं। रवींद्र जडेजा को 14 करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर चेन्नई से हासिल किया गया है। वहीं, सीएसके ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन को 2.4 करोड़ रुपये में राजस्थान रॉयल्स के हवाले किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.