‘युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मशाल दें, अराजकता के औजार नहीं’, CM योगी का विपक्ष पर हमला

HIGHLIGHTS
- योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए।
- मुख्यमंत्री ने बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन की सोच रखने वाली ताकतों पर निशाना साधा।
- उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को जनविश्वास पर आधारित व्यवस्था बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत की युवाशक्ति देश का भविष्य संवारने के लिए है, न कि किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लोकतंत्र में सत्ता तक पहुंचने का रास्ता जनादेश से होकर गुजरता है, अराजकता से नहीं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाली ताकतें युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल देने के बजाय अराजकता के औजार थमाना चाहती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव सुधार का मुखौटा पहनकर, न्याय का नारा लगाकर और लोकतंत्र की दुहाई देकर देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश करने वालों को समझना चाहिए कि भारत का लोकतंत्र जनविश्वास की जड़ों पर खड़ा एक विशाल वटवृक्ष है। इसे षड्यंत्रों के अंधड़ से हिलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने आगे कहा कि जनता ने राजनीति के इन मारीचों और कालनेमियों को पहचानकर ही सत्ता से दूर रखा है। अब ये देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हासिल करना चाहते हैं, लेकिन देश उनकी इस राजनीतिक साजिश को कभी सफल नहीं होने देगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस समेत विपक्षी दल भाजपा सरकार पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन भी जारी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.