खुर्जा जंक्शन पर भर्ती परीक्षा के बाद भारी भीड़, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

बुलंदशहर जिले के खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को लोकपाल (लेखपाल) भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। दोपहर के समय अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ने से स्टेशन पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से देरी से पहुंची गोमती एक्सप्रेस करीब तीन बजे स्टेशन पर आई, जिसमें पहले ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सवार हो गए। ट्रेन में चढ़ने के दौरान यात्रियों को धक्का-मुक्की जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण यह ट्रेन लगभग 10 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही, जिसके बाद आगे के लिए रवाना हो गई, जिसमें अधिकांश यात्री अपनी मंजिल की ओर निकल गए।
इसके बाद भी कई अभ्यर्थी स्टेशन पर मौजूद रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जीआरपी ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पुणे से दरभंगा जा रही दरभंगा एक्सप्रेस को विशेष रूप से खुर्जा जंक्शन पर करीब 3:22 बजे रोक दिया।
करीब 3:35 बजे अभ्यर्थियों को व्यवस्थित रूप से ट्रेन में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जीआरपी और आरपीएफ के जवान स्टेशन पर तैनात रहे ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जीआरपी प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि भर्ती परीक्षा के कारण स्टेशन पर अचानक भीड़ बढ़ गई थी। पहले गोमती एक्सप्रेस से यात्रियों को भेजा गया, जबकि शेष भीड़ को दरभंगा एक्सप्रेस में बैठाकर सुरक्षित रवाना किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.