लखनऊ के पंचमुखी मंदिर में 25 लाख की चांदी चोरी, मुकुट और छत्र लेकर फरार हुए चोर

HIGHLIGHTS
- मंदिर में चोरी की सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की।
- चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी डीवीआर को भी अपने साथ ले गए।
- पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया है।
लखनऊ। महानगर के न्यू हैदराबाद कॉलोनी स्थित पंचमुखी मंदिर में रविवार देर रात चोरों ने करीब 25 लाख रुपये के चांदी के छत्र और मुकुट चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर संरक्षक प्रदीप कुमार शर्मा की तहरीर पर महानगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
प्रदीप कुमार ने बताया कि बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित हैं। वह मंदिर के नीचे बने बेसमेंट में रहते हैं। सोमवार तड़के करीब पांच बजे जब पुजारी दिनेश मंदिर खोलने पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। मंदिर के चैनल में लगे ताले टूटे हुए थे।
मंदिर के अंदर जाने पर पता चला कि भगवान हनुमान जी की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट और छत्र, भगवान गणेश जी का मुकुट और छत्र, भगवान राम-जानकी समेत अन्य देवी-देवताओं के सिर पर लगे चांदी के मुकुट गायब थे। चोर मंदिर में लगा डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
प्रदीप कुमार के अनुसार, पुजारी ने घटना की जानकारी उन्हें और पुलिस को दी। इसके बाद इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।
साबड़ से तोड़े गए थे ताले
डॉग स्क्वायड मंदिर के पीछे वाली गली तक पहुंचा, जहां एक साबड़ पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, इसी साबड़ की मदद से चोरों ने चैनल में लगे दो ताले तोड़े थे। वहीं फोरेंसिक टीम ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र से फुटप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए।
एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। एक टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जबकि दूसरी टीम सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं दो अन्य टीमें रूट चार्ट तैयार कर जांच में जुटी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.