नहटौर में घर से दो साल के बच्चे को उठा ले गया गुलदार, 200 मीटर दूर मिला शव

HIGHLIGHTS
- रोहित अपनी छह वर्षीय बहन लवी के साथ गैलरी में चारपाई पर सो रहा था।
- सुबह करीब पौने पांच बजे बच्चे का शव घर से 200 मीटर दूर मिला।
- पोस्टमार्टम में सिर पर बड़े जानवर के दांत के निशान मिले।
नहटौर। क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर में शुक्रवार रात गुलदार बहन के साथ चारपाई पर सो रहे दो वर्षीय रोहित पुत्र राजवीर को उठाकर ले गया। शनिवार सुबह पौने पांच बजे घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में उसका शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि गुलदार ने रोहित के सिर को अपने जबड़े में दबाकर उठाया था, जिससे उसकी मौत हो गई। वन विभाग ने जंगल में पिंजरा लगवाया है और पूरे दिन ड्रोन कैमरों से गुलदार की तलाश की गई।
गांव मुस्सेपुर निवासी राजवीर सिंह का करीब दो वर्षीय बेटा रोहित शुक्रवार रात अपनी छह वर्षीय बहन लवी के साथ घर की गैलरी में चारपाई पर सो रहा था। राजवीर, उसकी पत्नी कमला और पांच वर्षीय बेटी परी कमरे में दरी बिछाकर सो रहे थे। रात में किसी समय गुलदार घर में घुसा और चारपाई से रोहित को उठाकर ले गया। परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
शनिवार तड़के करीब पौने पांच बजे गांव निवासी मदन टहलने के लिए निकला था। गांव की सीमा के पास रास्ते के किनारे बच्चे का शव देखकर वह सन्न रह गया। मदन ने बताया कि उसने रोहित को पहचान लिया। इसके बाद वह दौड़कर उसके घर पहुंचा और परिवार को सूचना दी। राजवीर ने घर में देखा तो रोहित वहां नहीं था। इसके बाद परिजन और ग्रामीण खेत की ओर दौड़े। पुलिस और वन विभाग को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोहित के सिर पर घाव के निशान थे।
वन विभाग की टीम गांव पहुंची और गुलदार की तलाश में आसपास के खेतों और जंगल क्षेत्र में कांबिंग की। ड्रोन कैमरों से भी उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटनास्थल पर वन विभाग की टीम को गुलदार के पगचिह्न मिले हैं। डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने बताया कि गुलदार की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी है और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। घर से शव मिलने वाली जगह की दूरी करीब 200 मीटर है। गुलदार ने बच्चे का मांस नहीं खाया था।
दो बेटियों के बाद हुआ था इकलौता बेटा
राजवीर ने बताया कि रोहित उसका इकलौता बेटा था। उसकी दो बेटियां लवी और परी हैं। दो बेटियों के बाद बेटे का जन्म हुआ था। परिवार खुशी से रह रहा था। मासूम की मौत के बाद मां कमला समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर घाव, दायां हाथ टूटा
शनिवार दोपहर रोहित का बिजनौर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट में सिर पर घाव के निशान मिले, जो बड़े जानवर के दांत के निशान थे। वहीं, उसके दायें हाथ की हड्डी टूटी हुई थी। इसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि गुलदार बच्चे के सिर को जबड़े में दबाकर उसे उठाकर ले गया। इसी वजह से वह चीख भी नहीं पाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.