राजमेरगढ़ में आकाशीय बिजली का कहर, 11 मवेशियों की मौत

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला क्षेत्र के दूरस्थ पहाड़ी गांव राजमेरगढ़ में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 11 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम मौसम अचानक बदल गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान जंगल में चरने गए मवेशी अपने-अपने घर लौट रहे थे। वापसी के समय ही तेज बिजली गिरने से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली की चपेट में आए सभी 11 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी मवेशी गांव निवासी नाथूराम यादव के बताए जा रहे हैं। रोज की तरह वह अपने मवेशियों को जंगल में चराने ले गए थे, लेकिन लौटते वक्त यह घटना हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एक साथ इतने मवेशियों की मौत से पशुपालक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन ही परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है, ऐसे में इस हादसे से उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभावित पशुपालक के लिए मुआवजे की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.