मेरठ: किसान नेताओं की पिटाई मामले में डीआईजी की जांच तेज, नौ पुलिसकर्मियों को मिला नोटिस

HIGHLIGHTS
- डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह ने शुक्रवार से मामले की जांच शुरू की थी।
- सर्किट हाउस में दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के बयान दर्ज किए गए।
- दिग्विजय भाटी के शरीर पर आई चोटों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।
मेरठ। एसएसपी कार्यालय में किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव की पिटाई और इसके बाद एसओजी कार्यालय में फिल्म 'खलनायक' पर डांस कराने के मामले में डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह ने शनिवार को दूसरे दिन भी जांच की। डीआईजी ने मेरठ पहुंचकर घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाने के बाद निवर्तमान एसएसपी अविनाश पांडेय, इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ सहित नौ पुलिसकर्मियों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर ली है।
नवागत एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सिविल लाइंस इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार गौड़, दरोगा मुलायम सिंह, कांस्टेबल हरिओम, कांस्टेबल मुकेश कुमार, श्याम बाबू, सुमित कुमार, महिला कांस्टेबल नीलम लौर और चालक ललित कुमार को लाइन हाजिर कर दिया था। सपा विधायक अतुल प्रधान और भाजपा नेता की मांग पर एडीजी जोन भानु भास्कर ने डीआईजी सहारनपुर को पूरे मामले की जांच सौंपी थी।
मामले से जुड़े तथ्य जुटाने के लिए डीआईजी सहारनपुर शुक्रवार को मेरठ पहुंचे थे। उन्होंने सभी जानकारी जुटाई और वापस लौट गए। अब निवर्तमान एसएसपी अविनाश पांडेय, इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ समेत सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को नोटिस दिया जाएगा।
मेरठ में रात तक जांच के बाद सुबह रवाना हुए डीआईजी
खलनायक फिल्म के गाने पर किसान नेताओं को नचवाने और पिटाई के मामले में तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय, सिविल लाइन थाना प्रभारी अखिलेश गौड़ समेत अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच शनिवार को भी जारी रही। एडीजी भानु भास्कर के निर्देश पर डीआईजी सहारनपुर अभिषेक सिंह ने शुक्रवार शाम मेरठ पहुंचकर जांच शुरू की थी। डीआईजी ने देर रात तक मामले की पड़ताल की और शनिवार सुबह मेरठ से रवाना हो गए।
डीआईजी सहारनपुर शुक्रवार शाम एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। यहां करीब एक घंटे पूछताछ करने के बाद वह देर शाम सर्किट हाउस पहुंचे। वहां उन्होंने दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के बयान दर्ज किए। एसएसपी ने घटना से संबंधित जानकारी ली। इसके साथ ही दिग्विजय भाटी के शरीर पर आई चोटों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।
इसके बाद डीआईजी पुलिस लाइन स्थित एसओजी कार्यालय पहुंचे और देर रात तक मामले की जांच की। जानकारी के अनुसार, उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों से भी बात की। एडीजी ने उन्हें जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि शनिवार सुबह मेरठ से रवाना होने के बाद भी डीआईजी मामले की जांच में जुटे हैं और रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।
एक्स पर दी गई जानकारी भी जांच में शामिल
मेरठ पुलिस के एक्स हैंडल से शुक्रवार को पोस्ट कर बताया गया था कि एसएसपी कार्यालय से घर जाते समय स्कूटी फिसलने से दिग्विजय भाटी घायल हुआ था। इस संबंध में उसने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत भी दी थी। शिकायत को थाने की जीडी में भी दर्ज किया गया था। पुलिस ने अपने ऊपर लगाए गए पिटाई के आरोपों को निराधार बताया था।
इसके अलावा पुलिस ने बताया था कि संभल के चमरौआ गांव थाना नखासा निवासी दिग्विजय भाटी और भावनपुर के किनानगर गांव निवासी मोहित जाटव अपने-अपने थानों के हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस के अनुसार, दिग्विजय के खिलाफ दस और मोहित जाटव के खिलाफ सात प्राथमिकी दर्ज हैं। मामले की जांच कर रहे डीआईजी सहारनपुर को आरोपी पुलिसकर्मियों की ओर से भी यही जानकारी दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.