मेहुल चोकसी के वकील की बढ़ी मुश्किलें, लंदन पुलिस ने किया गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- विजय अग्रवाल को 11 अगस्त को मेफेयर से गिरफ्तार किया गया
- 13 अगस्त को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी हुई
- दो महिलाओं से चार बार यौन उत्पीड़न का आरोप
लंदन। भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी का केस लड़ने वाले भारतीय क्रिमिनल लॉयर विजय अग्रवाल को लंदन में गिरफ्तार किया गया है। उन पर दो महिलाओं के साथ चार बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप है और वह जेल में हैं। उनकी पर्सनल असिस्टेंट मनप्रीत कौर भी जेल में हैं। उन पर जानबूझकर दो अपराधों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।
दोनों भारतीय नागरिकों को 11 अगस्त को मेफेयर की 29 ब्रिक स्ट्रीट स्थित एक सर्विस वाले लग्जरी एंबेसडेरियल टाउन हाउस से गिरफ्तार किया गया। वे इसी जगह ठहरे हुए थे। मेट पुलिस को इस पते पर यौन उत्पीड़न की घटनाओं की सूचना मिली थी।
दोनों को हिरासत में लिया गया और 13 अगस्त को वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उनके खिलाफ आरोप तय किए गए।
दो महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप
दिल्ली में जन्मे विजय अग्रवाल पर दो महिलाओं के साथ चार बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। ये घटनाएं 4,000 वर्ग फुट के चार मंजिला, पांच बेडरूम वाले सर्विस टाउन हाउस में हुईं। इस टाउन हाउस में मेड और रोजाना नाश्ते की सुविधा उपलब्ध है और इसका किराया करीब 2.6 लाख रुपये प्रति रात है।
अग्रवाल पर रविवार, 9 अगस्त को उसी प्रॉपर्टी में एक महिला के साथ तीन बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर एक महिला को बिना उसकी सहमति के यौन प्रकृति से छुआ। उन पर मंगलवार, 26 मई को भी इसी तरह के एक अन्य अपराध का आरोप है।
कौर पर अपराध को बढ़ावा देने का आरोप
मनप्रीत कौर पर 26 मई और 9 अगस्त को उसी प्रॉपर्टी में यौन उत्पीड़न के अपराध को जानबूझकर बढ़ावा देने या उसमें मदद करने के दो आरोप हैं।
आरोप है कि उन्होंने नौकरी का एक झूठा विज्ञापन पोस्ट किया, जिसके जरिए दो महिलाओं को विजय अग्रवाल से मिलवाया गया और उन्हें उस पते पर बुलाया गया।
कौर और अग्रवाल के मामले को 10 सितंबर को होने वाली सुनवाई के लिए साउथवार्क क्राउन कोर्ट भेज दिया गया है। दोनों को हिरासत में भेज दिया गया।
जांच के सिलसिले में 11 अगस्त को गिरफ्तार किए गए दो अन्य लोगों, एक 23 वर्षीय पुरुष और एक 43 वर्षीय महिला को आगे की जांच पूरी होने तक जमानत दे दी गई है।
जिन दो महिलाओं ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की थी, उन्हें अभी भी विशेष अधिकारियों की ओर से सहायता दी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.