'मोदी हमेशा पीएम नहीं रहेंगे': अमित शाह के बयान पर संजय राउत का बड़ा दावा

HIGHLIGHTS
- संजय राउत ने दावा किया कि 2029 तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह गृह मंत्री नहीं रहेंगे।
- एसआईआर के विरोध को घुसपैठियों को बचाने की कोशिश बताने वाले अमित शाह के बयान पर राउत ने सवाल उठाए।
- राउत ने मतदाता सूची से सैनिकों, पूर्व सैनिकों और अधिकारियों के नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाया।
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि 2029 तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और अमित शाह केंद्रीय गृह मंत्री नहीं रहेंगे। राउत की यह टिप्पणी गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) 2029 के लोकसभा चुनाव में फिर से जीत दर्ज करेगा।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा, “अमित शाह 2029 तक गृह मंत्री नहीं रहेंगे। मैंने यह बार-बार कहा है। मोदी भी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे; हम यह भी कह रहे हैं। वे अंदर से यह बात जानते हैं, इसलिए वे निराशा, विफलता और मायूसी से जूझ रहे हैं।”
एसआईआर को लेकर अमित शाह के बयान पर उठाए सवाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वोटर लिस्ट के ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (एसआईआर) का विपक्ष द्वारा विरोध किए जाने को अवैध घुसपैठियों को बचाने की कोशिश बताया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने सवाल किया कि क्या उन असली भारतीय नागरिकों को भी घुसपैठिया माना जा रहा है, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
राउत ने कहा, “क्या मैं घुसपैठिया हूं? पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी, जिनका नाम हटा दिया गया था, क्या वे घुसपैठिया हैं? कई सैनिकों, पूर्व सैनिकों और अधिकारियों के नाम हटा दिए गए, क्या वे घुसपैठिए हैं? अमित शाह को इसका जवाब देना चाहिए।”
अमित शाह पर क्या बोले संजय राउत?
गृह मंत्री के बयान पर कटाक्ष करते हुए संजय राउत ने कहा, “अमित शाह के लिए 'घुसपैठिये' की परिभाषा बस इतनी है- जो कोई भी भारतीय जनता पार्टी को वोट नहीं देता, वह घुसपैठिया है।”
2024 के लोकसभा चुनाव के बाद सीसीटीवी कैमरों और चुनाव आयुक्तों को दी गई कानूनी सुरक्षा के नियमों को लेकर पूछे गए सवाल पर राउत ने आरोप लगाया कि ये कदम भ्रष्ट तौर-तरीकों को बचाने के लिए उठाए गए थे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयुक्तों को सुरक्षा देने का मामला नहीं है, बल्कि उन माफियाओं को सुरक्षा दी जा रही है, जो भारतीय जनता पार्टी के चुनावी घोटालों में मदद करते हैं।
अमित शाह ने क्या दावा किया था?
संजय राउत का यह बयान अमित शाह की मंगलवार को की गई टिप्पणी के बाद आया। शाह ने कहा था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के नेताओं को करारी हार के लिए तैयार रहना चाहिए, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2029 के लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल करने जा रही है।
अमित शाह ने कहा था कि देश के लोगों को एसआईआर की आड़ में घुसपैठियों को बचाने की विपक्ष की कोशिश पूरी तरह समझ आ गई है और वे अब ऐसी चालों में नहीं फंसेंगे। उन्होंने राहुल गांधी और उनके साथियों से 2029 में करारी हार के लिए तैयार रहने को भी कहा था।
शाह ने दावा किया था कि एनडीए 2029 के आम चुनाव में भारी बहुमत हासिल करेगा और कांग्रेस एक और हार की ओर बढ़ रही है, जो उसकी लगातार चौथी हार होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.