मुजफ्फरनगर: गंगनहर में डूबे 12 वर्षीय बच्चे का शव 36 घंटे बाद बरामद

मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र स्थित गंगनहर में लापता हुए 12 वर्षीय बच्चे का शव करीब 36 घंटे की तलाश के बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शेखपुरा गांव निवासी रिजवान के बेटे सुबाहन अंसारी शुक्रवार दोपहर अपने कुछ साथियों के साथ गंगनहर पुल के पास नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया।
साथ मौजूद बच्चों ने घटना की जानकारी शोर मचाकर आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। कुछ युवकों ने नहर में उतरकर बच्चे को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज बहाव के चलते वह नजरों से ओझल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। शुक्रवार देर रात तक लगातार तलाश के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका।

लगातार प्रयासों के बाद रविवार सुबह करीब 36 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने सुबाहन का शव गंगनहर से बरामद किया। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। बाद में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घटना के बाद गांव शेखपुरा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने गंगनहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि गर्मियों के दौरान ऐसे हादसे हर साल सामने आते हैं, लेकिन पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.