दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, सड़कें बनीं 'स्विमिंग पूल'; जलभराव से थमी रफ्तार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली-NCR में सुबह से कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई।
- बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई।
- नोएडा में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।
दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मानसून सक्रिय बना हुआ है। शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में तेज बारिश हुई।
बुधवार रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, कई जगह जलभराव की समस्या के कारण लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
शुक्रवार सुबह राजधानी में लगातार हुई बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव वाले रास्तों से बचने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपनाते नजर आए।
दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली में बादल छाए रहने और कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है। सात अगस्त को मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश होने की भी संभावना है। शाम और रात के समय भी हल्की बारिश जारी रह सकती है। इसे देखते हुए दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के बाद कई इलाकों में बने 'स्विमिंग पूल' जैसे हालात
इससे पहले गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई थी। सदर बाजार की संकरी गलियों में घुटनों तक पानी भर गया था।
गंदे पानी और तैरते कचरे के बीच लोगों, बच्चों और खरीदारों को आने-जाने में परेशानी हुई। कई दुकानों में भी पानी पहुंच गया।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला। गुरुग्राम में कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नोएडा में बारिश से यातायात व्यवस्था प्रभावित
शुक्रवार सुबह हुई बारिश का असर गौतम बुद्ध नगर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। शहर के कई एंट्री प्वाइंट और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही।
सुबह स्कूल और दफ्तर जाने के समय कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मॉडल टाउन गोल चक्कर के सामने एनएच-9 की मुख्य लेन पर एक निजी बस खराब होने से यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
इसके अलावा सेक्टर-52, पर्थला चौक, कालिंदी कुंज और सेक्टर-18 समेत कई प्रमुख रास्तों पर भी जाम देखने को मिला। बारिश के बीच लोगों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कुलेसरा में सड़क पर भरा पानी, बने नदी जैसे हालात
ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा इलाके में लगातार बारिश के कारण सड़क पर भारी जलभराव हो गया। सड़क पर इतना पानी जमा हो गया कि वहां नदी जैसे हालात नजर आने लगे।
पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और राहगीरों को भी आने-जाने में परेशानी हुई।
पटेल नगर में जलभराव के बीच लोगों ने किया सफर
दिल्ली के पटेल नगर इलाके में भी शुक्रवार को बारिश के बाद जलभराव देखने को मिला। पानी से भरी सड़कों के बीच लोग और वाहन गुजरते नजर आए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.