मुजफ्फरनगर: पुलिस और ट्रांसफार्मर चोरों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल; चार गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- घायल आरोपियों को इलाज के लिए सीएचसी जानसठ भेजा गया।
- आरोपियों के पास से ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण बरामद हुए।
- तांबे, एल्यूमिनियम के तार और कॉइल समेत कीमती सामान मिला।
मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की देर रात करीब 2:55 बजे पुलिस और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। भिक्की भंडूर रोड से खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध लोगों की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं, उनके दो अन्य साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से ट्रांसफार्मरों के अंदर से निकाला गया कीमती धातु संबंधी सामान, दो अवैध तमंचे, कारतूस और ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण बरामद किए हैं।
दो बदमाश घायल, दो अन्य गिरफ्तार
CO नई मंडी सुनील कुमार के अनुसार, घायल बदमाशों की पहचान सिखेड़ा थाना क्षेत्र के निराना गांव निवासी सलमान और जानू उर्फ जान मोहम्मद के रूप में हुई है। उनके साथी वासिद और खुशनसीब को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी जानसठ भेजा गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिलकर विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी करते थे। ट्रांसफार्मर खोलने के बाद उसके अंदर से तांबे और एल्यूमिनियम के तार, कॉइल, प्लेटी रॉड सहित कीमती धातु निकालते थे। इसके बाद चोरी के सामान को कबाड़ियों को बेचकर मिली रकम आपस में बांट लेते थे।
विद्युत ट्रांसफार्मर का सामान चोरी करने की बात कबूली
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 21 अगस्त को भिक्की भंडूर स्थित स्वामी कल्याण देव उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास मैन रजवाहे की पटरी से एक विद्युत ट्रांसफार्मर का सामान चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पूछताछ में उन्होंने करीब दो महीने पहले कुतुबपुर और ताजपुर के जंगलों से ट्रांसफार्मर चोरी करने की बात भी बताई। इसके अलावा करीब एक महीने पहले तेजलहेड़ा और खुड्डा के जंगलों में ट्रांसफार्मरों से तार और कॉइल चोरी करने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, चार-पांच दिन पहले ताजपुर के जंगल से दो ट्रांसफार्मरों को भी इसी तरीके से निशाना बनाया गया था। आरोपियों के कब्जे से पांच छोटे-बड़े बोरे भी बरामद किए गए हैं।
दो खोखा कारतूस भी मिले
पुलिस के अनुसार, बोरों में ट्रांसफार्मरों के अंदर से निकाला गया कीमती धातु संबंधी सामान मिला है। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर खोलने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले चाबी-पाने और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
आरोपियों के पास से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि चोरी का सामान लेकर जंगल की ओर जाते समय पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी।
चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में सलमान, जानू उर्फ जान मोहम्मद और वासिद के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और विद्युत अधिनियम से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। सलमान के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में भी पहले मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.