मुजफ्फरनगर: क्राउन स्कूल के पास भीषण सड़क हादसा, नौवीं के छात्र देवांश की मौत

HIGHLIGHTS
- देवांश छुट्टी के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था
- कार का टायर फटने के बाद वाहन हुआ अनियंत्रित
- गंभीर हालत में छात्र को मेरठ किया गया था रेफर
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर क्राउन स्कूल के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में नौवीं कक्षा के छात्र देवांश (15) की मौत हो गई। देवांश दयानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता था और तमेला गढ़ी निवासी अरविंद का बेटा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देवांश छुट्टी के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद कार अनियंत्रित होकर देवांश की बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि देवांश हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ देवांश को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल मेरठ रेफर कर दिया। हालांकि, मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही देवांश की मौत हो गई। सूचना मिलने पर बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
नाबालिगों के ड्राइविंग पर उठे सवाल
हादसे के बाद नाबालिग छात्रों के दोपहिया वाहन चलाने को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिभावकों के साथ स्कूल प्रशासन को भी इस मामले में सख्ती बरतनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि नाबालिग बच्चे स्कूल आने-जाने के लिए बाइक के बजाय साइकिल या स्कूल बस का इस्तेमाल करें, तो ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.