नजफगढ़ मुठभेड़: हिमांशु गैंग का 25 हजार का इनामी शूटर अंकित गिरफ्तार

दिल्ली के द्वारका जिले की नारकोटिक्स सेल ने गुरुवार सुबह नजफगढ़ में हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग के 25 हजार रुपए के इनामी शूटर अंकित को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है, जबकि पुलिस हवलदार कुलदीप बाल-बाल बच गए; एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 28 अक्टूबर को नजफगढ़ में चार बदमाशों ने रोहित लांबा नामक व्यक्ति पर गोली चलाई थी। जांच में हिमांशु गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में अंकित और दीपक नामक शूटरों की भूमिका सामने आई थी। पुलिस लगातार उनकी तलाश में थी।
गुरुवार सुबह नारकोटिक्स सेल को जानकारी मिली कि अंकित साईं बाबा मंदिर, नजफगढ़ में आया है। पुलिस ने वहां घेराबंदी कर दी। सुबह करीब 8.05 बजे अंकित बाइक पर आया। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने टीम पर तीन गोलीें चलाईं। जवाब में पुलिस ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक अंकित के दाहिने पैर में लगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अंकित हरियाणा के सोनीपत जिले के गोरद गांव का रहने वाला है और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। 2020 में उसने सीआईए बहादुरगढ़ के एक सिपाही पर गोली चलाई थी, जिसमें सिपाही घायल हो गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.