अमेरिका के मॉल में फायरिंग, एक की मौत और पांच घायल

अमेरिका के लुइसियाना राज्य के बैटन रूज शहर में स्थित एक शॉपिंग मॉल के फूड कोर्ट में शुक्रवार को अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि यह घटना किसी आम नागरिक को निशाना बनाकर नहीं की गई, बल्कि दो गुटों के बीच हुए विवाद का नतीजा थी।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे मॉल के फूड कोर्ट में दो समूहों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी हो गई। शुरुआती रिपोर्टों में 10 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि पांच लोग ही घायल हुए हैं।
पुलिस प्रमुख टीजे मोर्स ने बताया कि मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और फिलहाल आम लोगों के लिए किसी तरह का खतरा नहीं है।
फायरिंग के बाद मॉल में मची भगदड़
गोलीबारी की आवाज सुनते ही मॉल में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। एक दुकान में काम करने वाली कर्मचारी डेसायर बैटन ने बताया कि वह और उसके सहकर्मी तुरंत एक कमरे में जाकर छिप गए और पुलिस के आने तक वहीं सुरक्षित रहे।
घटना के बाद पूरे मॉल में डर और घबराहट का माहौल बन गया। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोग रोते हुए और घबराकर बाहर की ओर भाग रहे थे। एक गवाह केनेडी बार्नम ने बताया कि जैसे ही गोली चलने की सूचना मिली, सुरक्षा गार्ड ने तुरंत सभी को मॉल खाली करने के लिए कहा।
पुलिस ने मांगी लोगों से मदद
पुलिस ने अपील की है कि घटना के दौरान यदि किसी ने वीडियो या फोटो रिकॉर्ड किए हैं तो वे जांच में सहयोग करें। सुरक्षा के मद्देनजर मॉल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इलाके की निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए और आसपास लगातार गश्त जारी रही।
सुरक्षा कारणों से मॉल बंद
मॉल की प्रवक्ता लिंडसे कान ने इस घटना को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि एहतियात के तौर पर पूरे दिन के लिए मॉल बंद रखने का फैसला किया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.