भाजपा युवा मोर्चा में संगठनात्मक फेरबदल, राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नामों का ऐलान

HIGHLIGHTS
- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
- जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
- बिहार की विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
नई दिल्ली। भाजपा ने मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। इसके तहत सात युवा नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा मोर्चा के अध्यक्ष एवं वडोदरा के सांसद हेमांग जोशी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची जारी की।
हेमांग जोशी ने बयान में बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर इन नियुक्तियों को मंजूरी दी गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए सात नेताओं में जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा शामिल हैं। इनके अलावा उत्तर प्रदेश से निखिल मणि तिवारी, नगालैंड से अरविंद दमानी, तेलंगाना से मालोथ कोमाली नाइक, बिहार से राजेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ से भूपेंद्र नाग को यह जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा ने बिहार की विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर को भी युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया है। उनके साथ विभिन्न राज्यों के 33 अन्य नेताओं को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।
राष्ट्रीय महासचिव के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बदेजेना, उत्तर प्रदेश के हर्षवर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मिट्टा वामशी कृष्णा को नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय सचिव और कोषाध्यक्ष की भी घोषणा
राष्ट्रीय सचिव के रूप में असम के बिस्वजीत खौंड, मध्य प्रदेश के आशीष झाला, महाराष्ट्र की सायली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के सरदार अरमानजोत बराड़, झारखंड के अमन यादव और बिहार के राहुल झा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
मीडिया और सोशल मीडिया की जिम्मेदारियां भी तय
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी बिहार के हिमांशु यादव को दी गई है। दिल्ली की शिवानी सिंह और विशु बसोया के साथ हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर को सह प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी के मुताबिक, दिल्ली की अपूर्वा सिंह युवा मोर्चा की इंटरनेट मीडिया प्रभारी होंगी, जबकि बिहार के मानवेंद्र चौहान सह प्रभारी के रूप में कार्य करेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राज्यों को प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नियुक्त किए गए 34 सदस्यों में से पांच उत्तर प्रदेश से हैं। बिहार, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से दो-दो सदस्यों को जगह दी गई है।
बाकी 17 सदस्यों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, पुडुचेरी, पंजाब, तेलंगाना, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल से एक-एक सदस्य शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.