पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले एयर इंडिया की फ्लाइट से टकराया पक्षी, बाल-बाल बचे 164 यात्री

HIGHLIGHTS
- लैंडिंग से पहले एयर इंडिया की फ्लाइट से टकराया पक्षी
- पायलट ने पटना एयरपोर्ट प्रशासन को दी जानकारी
- तकनीकी जांच में इंजन को कोई नुकसान नहीं मिला
पटना। दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 1741 सोमवार सुबह लैंडिंग से पहले हवा में एक पक्षी से टकरा गई।
हालांकि, पायलट की सूझबूझ के चलते विमान को सुबह 7:43 बजे जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, पटना पर सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में 164 यात्री सवार थे।
लैंडिंग से पहले पायलट ने विमान के दाहिने इंजन के पास पक्षी के टकराने की जानकारी एयरपोर्ट प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर आपातकालीन प्रोटोकाल सक्रिय कर दिया गया।
रनवे पर दमकल और अन्य राहत सेवाओं को तैनात कर दिया गया। इमरजेंसी की आशंका को देखते हुए सभी को अलर्ट मोड पर रखा गया। पटना एयरपोर्ट निदेशक सीपी द्विवेदी ने विमान से पक्षी टकराने की घटना की पुष्टि की है।
इंजन को नहीं हुआ नुकसान
विमान के सुरक्षित लैंड करने के बाद तकनीकी टीम ने उसकी जांच की। जांच में बर्ड स्ट्राइक की पुष्टि हुई, लेकिन विमान के इंजन में किसी तरह का नुकसान नहीं मिला।
सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को दोबारा दिल्ली भेजने की तैयारी शुरू की गई। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान की जरूरी तकनीकी जांच की गई।
तय समय से करीब डेढ़ घंटे बाद दिल्ली रवाना हुआ विमान
AI 1741 को पटना से सुबह 8:45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन बर्ड हिट की घटना के बाद जरूरी जांच और सुरक्षा प्रक्रिया के चलते उड़ान में देरी हुई।
विमान 79 मिनट की देरी के बाद करीब 10:09 बजे 160 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद विमान की पूरी जांच की गई और सुरक्षित पाए जाने के बाद ही उसे उड़ान भरने की अनुमति दी गई।
बर्ड हिट की घटना के बाद एयरपोर्ट पर लागू किए गए एहतियाती प्रोटोकाल के चलते कुछ समय के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और विमान सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.