अभिनेत्री त्विसा शर्मा को न्याय दिलाने सड़कों पर उतरे लोग, निकाला कैंडल मार्च

हाथरस की रहने वाली मॉडल और अभिनेत्री त्विसा शर्मा की भोपाल में संदिग्ध हालात में हुई मौत ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। परिवार ने इस मामले को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर भी ‘जस्टिस फॉर त्विसा शर्मा’ अभियान तेजी से चल रहा है, वहीं परिजन सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
परिवार का आरोप है कि ससुराल पक्ष इस मामले को आत्महत्या साबित करने की कोशिश कर रहा है, जबकि त्विसा की मौत एक सुनियोजित साजिश का परिणाम है। इस मामले में भोपाल पुलिस ने मृतका के पति समर्थ सिंह और उनकी मां, जो रिटायर्ड जज बताई जा रही हैं, के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
मॉडलिंग और अभिनय में बनाई थी पहचान
त्विसा शर्मा के फूफा मनोज शर्मा ने बताया कि त्विसा ने हाथरस में शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद पुणे में आगे की शिक्षा हासिल की थी। वर्ष 2012 में उन्होंने ‘मिस पुणे’ का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने ग्लैमर इंडस्ट्री में कदम रखा और तेलुगु फिल्मों के साथ कई बड़े ब्यूटी ब्रांड्स के विज्ञापनों में काम किया। शादी से पहले वह एक मल्टीनेशनल कंपनी में मैनेजर के पद पर भी कार्यरत थीं।
परिवार का कहना है कि त्विसा आत्मविश्वासी और मजबूत व्यक्तित्व वाली लड़की थीं। ऐसे में शादी के कुछ ही महीनों बाद आत्महत्या करने की बात उन्हें स्वीकार नहीं है। परिजनों ने दावा किया कि 15 मई को दिल्ली आने के लिए त्विसा ने पहले से टिकट भी बुक कराया था।
कैंडल मार्च निकालकर मांगा न्याय
12 मई की रात भोपाल में त्विसा का शव मिलने के बाद से परिवार सदमे में है। हाथरस में रविवार शाम परिजन और रिश्तेदारों ने भगत सिंह पार्क से कैंडल मार्च निकाला। ‘जस्टिस फॉर त्विसा शर्मा’ लिखे बैनर और पोस्टरों के साथ लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर भी मामले को लेकर लगातार पोस्ट साझा की जा रही हैं। कई यूजर्स और यूट्यूब चैनल इस मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं।
पति की जमानत पर सुनवाई
त्विसा के पिता नवनिधि शर्मा की शिकायत पर भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया गया है। परिवार का आरोप है कि आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। परिजनों के मुताबिक, मृतका की सास को पहले ही राहत मिल चुकी है, जबकि पति की जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई तय है।
सीएम आवास पर धरना
त्विसा के परिवार ने भोपाल में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देकर दोबारा पोस्टमार्टम की मांग उठाई है। परिवार चाहता है कि शव का पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराया जाए और मामले को दिल्ली हाईकोर्ट ट्रांसफर किया जाए।
परिजनों का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही। इसी वजह से उन्होंने उच्चस्तरीय जांच और न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की है। फिलहाल त्विसा का शव भोपाल एम्स में रखा हुआ है और परिवार का कहना है कि मांगें पूरी होने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.