‘पत्नी से बात कराओ’ वाला कथित ऑडियो वायरल, सुलतानपुर विधायक विनोद सिंह पर लगे आरोप

HIGHLIGHTS
- इंटरनेट मीडिया पर दो कथित ऑडियो प्रसारित होने का दावा
- पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग को भेजा शिकायत पत्र
- परिवार की सुरक्षा को लेकर महिला ने जताई चिंता
सुलतानपुर। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री विनोद सिंह पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विधायक से जुड़ा एक ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह एक महिला के पति से अपनी पत्नी से बात कराने के लिए कह रहे हैं।
वहीं, पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग और लखनऊ की हजरतगंज पुलिस को पत्र भेजकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि इंटरनेट मीडिया पर दो ऑडियो वायरल हो रहे हैं। दोनों कथित ऑडियो विधायक विनोद सिंह और महिला के पति के बताए जा रहे हैं। पहले ऑडियो में कथित तौर पर विधायक महिला के पति का नाम लेते हुए कह रहे हैं कि उन्होंने आपकी पत्नी को फोन किया था, लेकिन वह फोन नहीं उठा रही हैं।
इस पर महिला का पति जवाब देता है कि वह मंदिर गई हैं। इसके बाद कथित रूप से विधायक उससे कहते हैं कि पत्नी से कह दीजिए कि वह उनसे बात कर लें।
दूसरे ऑडियो में एक व्यक्ति महिला के पति को फोन कर कहता है कि मंत्री जी (विनोद सिंह) ने बात करने के लिए फोन मिलवाया था। हालांकि, इस ऑडियो की पुष्टि नहीं की गई है।
महिला ने राष्ट्रीय महिला आयोग को भेजा पत्र
पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र भेजकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
महिला ने पत्र में कहा है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उसे और उसके परिवार को गंभीर खतरे और अपूरणीय क्षति का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस को पत्र और ईमेल के माध्यम से मुकदमा दर्ज करने की मांग भी की है।
इस मामले में विधायक विनोद सिंह का पक्ष जानने के लिए फोन और वाट्सऐप के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.